बरेली : मानसिक चिकित्सालय में खुलेगा नशा मुक्ति केंद्र
शासन ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, भूमि की गई चिह्नित
बरेली, अमृत विचार: किसी भी प्रकार का नशा करने से मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है। अगर कोई नशे का लती बन जाता है तो वह गंभीर मानसिक रोगों की चपेट में आ जाता है। मानसिक चिकित्सालय में आने वाले ऐसे मरीजों को जिला अस्पताल के मन कक्ष, ओएसटी केंद्र में रेफर किया जा रहा है लेकिन जल्द ही मानसिक चिकित्सालय में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित होगा। जिसकी कवायद जारी कर दी गई है।
मानसिक चिकित्सालय की निदेशक डॉ. पुष्पा पंत ने बताया कि शासन की ओर से नशा मुक्ति केंद्र स्थापित कराने का आदेश मिला है। इसके लिए परिसर में निर्माण के लिए भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। हालांकि अस्पताल में मानसिक चिकित्सकों की पूर्व से तैनाती है तो केंद्र का निर्माण पूर्ण होने के बाद से ही मरीजों को सुविधा का लाभ मिल सकेगा। गंभीर मरीजों को हायर सेंटर या फिर जिला अस्पताल भेजने की आवश्यकता नहीं होगी। ओपीडी में रोजाना 300 से 400 मरीज आते हैं जिनमें 10 फीसदी मरीज ड्र्रग यूजर्स या फिर अन्य नशा करने वाले होते हैं। ऐसे मरीजों के लिए ये केंद्र किसी संजीवनी से कम नहीं होगा।
