बदायूं : कंटेनर से दबाकर हुई थी युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव धोबर खेड़ा निवासी युवक की 9 मार्च को हुई थी हत्या
बदायूं, अमृत विचार : तकरीबन पांच महीने पहले जरीफनगर क्षेत्र निवासी युवक की सड़क हादसे में मौत नहीं हुई बल्कि कंटेनर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। हादसा दर्शाने को साक्ष्य छिपा दिए गए थे। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया है। जिन्होंने चाय और शराब में नशीली दवा देकर युवक को बेहोश करके कंटेनर से दबा दिया था। तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके घटना में प्रयुक्त कंटेनर और बाइक बरामद की। तीनों आरोपियों को जेल भेजा है।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव लघुपुरा निवासी ओमकार पुत्र मल्लू जरीफनगर क्षेत्र के गांव धोबर खेड़ा में रहते हैं। मार्च में एक युवक उनके बेटे मनोहर को घर से बुलाकर ले गया। जिसके बाद मनोहर की सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। ओमकार की तहरीर पर पुलिस ने दीपक पुत्र बब्लू, विशाल पुत्र सत्यप्रकाश, सर्वेश पुत्र साहब सिंह, राम प्रताप चौहान पुत्र नत्थू सिंह, मोहित पुत्र सत्यप्रकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोप था कि वह लोग मनोहर को घर से बुलाकर ले गए। हत्या करके साक्ष्य मिटाने के लिए वह लोग मनोहर को उस्मानपुर स्थित महावा नदी के पास ले गए और शव के ऊपर कंटेरन का पहिया चढ़ाकर सड़क दुर्घटना दर्शाई थी। गवाहों को जान से मारने की धमकी दी थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने दीपक गांव उत्समानपुर निवासी दीपक और गांव धोबरखेड़ा निवासी विशाल को गिरफ्तार करके पूछताछ की। उन्होंने कबूल किया कि मनोहर के उनके परिवार की लड़की से अवैध संबंध हो गए थे। जिसके चलते विशाल ने दीपक के साथ मिलकर साजिश रची। दीपक ने मनोहर को अपने दोस्त दिनेश जरीफनगर क्षेत्र के गांव मदारपुर निवासी दिनेश उर्फ बांके लाल पुत्र हप्पू के जुनावई वाले घर पर ले गया। जहां मनोहर को चाय में नशीली दवा और शराब पिलाकर बेहोश कर दिया। दिनेश की मदद से 9 मार्च की रात लगभग 11 बजे बाइक से ले जाकर मनोहर को हाईवे पर रखा और उसके ऊपर कंटेनर यूपी 81 एफटी 2485 चढ़ाकर मार दिया था। उन्होंने हत्या को सड़क हादसा दर्शाने का प्रयास किया। जिससे शव की शिनाख्त न हो सके। पुलिस ने कंटेनर और बाइक यूपी 38 यू 0715 बरामद की है।
