लखीमपुर खीरी : शराब के नशे में पिता ने सात माह के बच्चे को उछाला, गिरकर मौत
आरोपी पिता गिरफ्तार, आरोपी का भेजा चालान
मितौली, अमृत विचार: शराब के नशे में धुत एक पिता की लापरवाही ने सात माह के मासूम की जिंदगी छीन ली। वह दरवाजे के बाहर कुर्सी पर बैठ कर बच्चे को हवा में खिला रहा था। खिलाते समय बच्चे को ठोका और कुर्सी समेत नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। इस ह्रदय विदारक घटना के बाद लोगों का दिल दहल गया है। आरोपी के बड़े भाई की सूचना पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव रेवाना निवासी लालजी प्रसाद ने बताया कि उसका सगा भाई सतीश कुमार शराब का आदी है। वह गुरुवार देर शाम अपने सात माह के बच्चे सौरभ को लेकर दरवाजे के बाहर कुर्सी डालकर बैठा और बच्चे को उछाल उछाल कर खिला रहा था। इसी दौरान वह कुर्सी समेत नीचे गिर गया। इससे सौरभ हवा में उछलकर जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मासूम की मां मानसिक रूप से बीमार रहती है। इसके दो पुत्र थे एक अपने ननिहाल में रहता है। आरोपी सतीश के बड़े भाई लालजी ने पुलिस को सूचना देकर मासूम का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
मृत बच्चे को उल्टा लटकाकर ले जाते वीडियो वायरल
गांव रेवाना में शराबी पिता ने अपने सात माह के बच्चे को खिलाते समय मौत के घाट उतार दिया। पहले बच्चे को ऊपर उछाला जब बच्चा गिरकर मर गया तब उस शराबी व्यक्ति ने बच्चे के शव को उल्टा एक पैर से पकड़कर ले जा रहा है। यह एक मानवता के लिए शर्मसार घटना है। लोग उस शराबी पिता के इस कृत्य की निंदा कर रहे हैं। एक पैर पकड़कर उसे लटका कर ले जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
गांव में मातम और सवाल
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग जहां मासूम की असमय मौत से दुखी हैं, वहीं पिता की शराबखोरी और लापरवाही पर आक्रोश भी जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते परिवारीजन उसे शराब पीने से रोकते, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
