कमियां दूर कर विकास कार्यों में तेजी लाएं : मंडलायुक्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय में मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। समीक्षा में मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा व बिजनौर जनपद के सभी अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही उन्होंने पीपी परियोजनाओं में सिटी स्कैन में संभल व मुरादाबाद में संख्या शून्य होने पर मंडलायुक्त ने रामपुर और अमरोहा के सीएमओ का स्पष्टीकरण मांगा …

मुरादाबाद,अमृत विचार। मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय में मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। समीक्षा में मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा व बिजनौर जनपद के सभी अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही उन्होंने पीपी परियोजनाओं में सिटी स्कैन में संभल व मुरादाबाद में संख्या शून्य होने पर मंडलायुक्त ने रामपुर और अमरोहा के सीएमओ का स्पष्टीकरण मांगा है।

मंडलीय बैठक में मंडलायुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को विकास कार्यों के भौतिक व वित्तीय लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अंतर्विभागीय समन्वय व सामन्जस्य की कार्यपद्धति अपनाने व जनपदों में व्यापक क्षेत्रीय भ्रमण कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण व भौतिक सत्यापन करके विकास कार्यों में अपेक्षित गतिशीलता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये।

उन्होंने विकास कार्यों को तेजी से संचालित करने पर बल देते हुए विभागों को निर्देशित किया कि वह धरातल पर मिलने वाली कमियों को दूर कर निर्माण कार्यों में तेजी लायें। निर्धारित गुणवत्ता मानकों व मापदंडों का कड़ाई से अनुपालन करें। सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निश्चित समयावधि में पूर्ण कर आम जन के उपयोगार्थ सृजित परिसम्पत्तियों की हैंडओवर की कार्रवाई करें, ताकि शासन की मंशानुरूप लक्षित समूह लाभान्वित हो सके।

मंडलायुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह ने नई सड़कों का निर्माण व चौड़ीकरण में अन्य जनपदों की अपेक्षा मुरादाबाद में ज्यादा पैसा मिलने व मंडल के अन्य जनपदों से कार्य प्रगति खराब होने पर अधीक्षण अभियन्ता लोक निर्माण विभाग को ठीक प्रकार से कार्य कर सुधार लाने के निर्देश दिये हैं।

ओडीआर/एमडीआर राज्यमार्गों की अनुरक्षण स्थिति में मुरादाबाद व रामपुर की कार्य प्रगति खराब होने पर उन्होंने मार्गों की सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। सेतु निर्माण में बिजनौर जनपद में 14 सेतु में मात्र दो कार्य, मुरादाबाद में सात सेतु में मात्र दो कार्य व रामपुर में आठ सेतु में मात्र एक सेतु का कार्य पूर्ण करने पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को समय से सेतुओं का निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। रामपुर में निराश्रित गौवंश संख्या 26 को अविश्वसनीय मानते हुए उपनिदेशक पशुपालन को संख्या ठीक कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने एडी हेल्थ को स्वास्थ्य विभाग की कई योजनाओं में कार्य प्रगति खराब होने पर व आयुष्मान भारत में संभल की स्थिति खेदजनक होने पर ठीक प्रकार से कार्य करते हुए कार्य प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिये हैं।

पीपी परियोजनाओं में सिटी स्कैन में संभल व मुरादाबाद में संख्या शून्य होने पर मंडलायुक्त ने रामपुर और अमरोहा के सीएमओ का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिये हैं। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी चिकित्सालयों में एडी हेल्थ को दवाओं की उपलब्धता बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। परिवार नियोजन, हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर व डायलिसिस में खराब प्रगति होने पर एडी हेल्थ को अपने स्तर पर समीक्षा करने के निर्देश दिये।

संबंधित समाचार