कानपुर: रामधुन छोड़ भाजपाइयों से भिड़े कांग्रेसी, पुलिस से की धक्का मुक्की, भड़कीं महापौर
महापौर से कांग्रेसियों की झड़प, पुलिस की तत्परता काम आई
कानपुर, अमृत विचार। बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने के खिलाफ भाजपा कानपुर उत्तर व दक्षिण ने कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल पर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से प्रदर्शन करने पहुंचे भाजपाइयों को पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बेरीकेडिंग करके रोक दिया। इस दौरान रामधुन गा रहे कांग्रेसी भी प्रदर्शन पर उतर आए और कांग्रेस-भाजपाइयों में भिड़ंत हो गयी। इस दौरान पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई लेकिन दोनों पार्टियों के बीच दीवार बनी पुलिस ने अपना धैर्य नहीं खोया।

रविवार को अपराह्न तीन बजे महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, भाजपा उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, भाजपा दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रीता शास्त्री एवं जिलाध्यक्ष सरोज सिंह, सीमा पाठक, प्रेमलता, शोभा, बीना सिंह चौहान समेत सौ से अधिक भाजपाई नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय से पैदल प्रदर्शन करते हुए मेस्टन रोड स्थित तिलक हाल के पास पहुंचे कोतवाली चौराहे पर ही उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की लेकिन भाजपाई प्रदर्शन करते हुए तिलक हाल मोड़ तक पहुंचे।

इस मोड़ पर दो सौ से अधिक कांग्रेसी रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम धुन गा रहे थे लेकिन भाजपाइयों के पहुंचते ही कांग्रेसी भी जोश में आ गए और वोट चोर गद्दी छोड़ नारे गूंजने लगे। दोनों ओर से आधा घंटे तक जोर आजमाइश चलती रही। इस दौरान दोनों ओर से जमकर धक्कामुक्की और नारेबाजी हुई। पुलिस दीवार बनकर दोनों पार्टी नेताओं के बीच खड़ी रही। पुलिस से भी जमकर धक्का मक्की हुई लेकिन पुलिस ने धैर्य नहीं खोया।

धक्कामुक्की पर भड़कीं महापौर
कांग्रेसियों द्वारा महापौर प्रमिला पांडेय से भी धक्कामुक्की करने लगे जिसपर पुलिस ने किसी प्रकार महापौर को समझाने का प्रयास किया और कांग्रेसियों को धक्का देकर पीछे ढकेला। प्रदर्शन के बाद जब महापौर अपनी कार में बैठकर जाने लगीं तो कांग्रेसी फिर ताली बजा-बजाकर वोट चोर गद्दी छोड़ नारेबाजी करने लगे तो महापौर एक बार फिर कार से नीचे उतर आईं जिसपर कानपुर महानगर के कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्र, हर प्रकाश अग्निहोत्री, कानपुर नगर ग्रामीण के अध्यक्ष संदीप शुक्ला, नरेश चंद्र त्रिपाठी आदि ने किसी तरह कांग्रेसियों को समझाबुझाकर तिलक हाल में भेजा जबकि पुलिस ने महापौर को किसी तरह कार में बिठा दिया।


लाठी लेकर आए कांग्रेसी, दो महिलाओं ने संभाला मोर्चा
तिलक हाल में भाजपाइयों के द्वारा प्रदर्शन की सूचना कई कांग्रेसी लाठी लेकर तिलक हाल पहुंचे और तिलक हाल के बाहर जमकर लाठी का प्रदर्शन किया। उधर प्रदर्शन के दौरान मात्र दो कांग्रेसी महिलाएं पूजा भारद्वाज एवं रोशनी चौधरी मोर्चा लेने के लिए मौजूद रहीं जो सड़कों पर भाजपाइयों के खिलाफ मोर्चेंबंदी किये रहीं।

अराजकता का गांधीवादी तरीके से दिया जवाब
कानपुर महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष पवन गुप्ता का कहना है कि कांग्रेस जनों ने भाजपा के लोगों द्वारा तिलक हाल के बाहर की गई अराजकता का गांधीवादी तरीके से जवाब दिया। कांग्रेसजनों ने तय रणनीति अनुसार राम धुन गाते हुए भाजपा के लोगों का जवाब दिया। शंकर दत्त मिश्रा, डॉक्टर आरके जगत, रितेश यादव, हाजी तौसीफ, राकेश साहू, बृजेश शर्मा, रवि आनंद, इकबाल अहमद, संजय दीक्षित, धर्मेंद्र सिंह, पदम मोहन मिश्रा, ग्रीन बाबू सोनकर, राजीव द्विवेदी, हाजी वसीक, हाजी अफजाल, निजाम, नरेंद्र चंचल, संतोष पाठक, बृजेश गुप्ता, अजय प्रकाश तिवारी, शांतनु दीक्षित, विश्वनाथ जायसवाल आदि थे।
