पीलीभीत : शारदा उफनाई, छतों पर डेरा डालने लगे ग्रामीण, दर्जनभर गांव बन गए टापू
पीलीभीत, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश ने भयंकर बाढ़ के हालात पैदा कर दिए हैं। नदी-नाले और पोखर सब उफान पर हैं। तराईं में स्थिति काफी विकट हो चली है। पीलीभीत जिले का ट्रांस शारदा क्षेत्र बाढ़ से घिरने लगा है। शारदा का रौद्र रूप देखकर ग्रामीण सहम गए हैं।
पीलीभीत में तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। शहर में भयंकर जलभराव है। देवहा और खकरा नदियां उफान पर हैं। शहर के बाढ़ से घिरने की आशंका पैदा हो गई है। उधर, शारदा नदी में करीब 2.07 लाख क्यूसेक पानी और डिस्चार्ज किया गया है।
करीब दर्जन भर गांव टापू बन गए हैं। ग्रामीण मकान की छतों पर बसेरा लेने को मजबूर हैं। हालांकि ट्रांस शारदा क्षेत्र में अधिकांश कच्चे और फूस के मकान हैं। ऐसे में यहां एक बड़ी आबादी के सामने बड़ा संकट पैदा हो गया है। स्थानीय जिला प्रशासन हालात पर नजर बनाए है। राहत-बचाव को लेकर टीमें अलर्ट हैं।
मंत्री-डीएम शहर में घूमें
पीलीभीत शहर अमूमन हर साल बाढ़ का सामना करता है। इस बार फिर हालात वैसे ही बनने लगे हैं। शहर के कई मुहल्लों में घुटनों तक पानी भरा है। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार और डीएम ज्ञानेंद्र सिंह सोमवार को बारिश के बीच शहर में घूमें। जलभराव वाले क्षेत्रों का जायजा लिया। नाले-नालियों की सफाई की शिकायतों को लेकर नगर पालिका के ईओ के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई।
