बाराबंकी : जमीन नहीं लिखी तो ससुरालियों ने लात-घूंसों व डंडों से पीटा, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। पत्नी के नाम दर्ज जमीन अपने नाम कराने के प्रयास में नाकाम पति ने पिता, भाई आदि के साथ मिलकर विवाहिता की जमकर पिटाई कर दी। महिला की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार असन्द्रा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिद्धौर कस्बा के मोहल्ला मालवीयनगर की रहने वाली राजकुमारी पत्नी कुलदीप महावत ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके नाम से सिद्धौर–कैसरगंज रोड किनारे अरुई के पास दर्ज कागजात वाली जमीन है। 

इसी जमीन को अपने नाम लिखवाने के लिए पति कुलदीप पुत्र छंगा दबाव बना रहा था। महिला द्वारा इंकार करने पर 16 अगस्त की रात पति कुलदीप, ससुर छंगा पुत्र बच्चू, देवर अजय पुत्र छंगा, अरुण पुत्र डभई व डभई पुत्र बच्चू लाठी-डंडा लेकर घर आ धमके और गाली-गलौज करते हुए उसे लात-घूंसों व डंडों से पीटा। बताया कि शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

देवा: अपराधी पति ने पत्नी बच्चों को नंगे पांव भगाया

देवा: देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुजफ्फर मऊ में रहने वाली क्रान्ती ने अपने पति आशीष के खिलाफ दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति आशीष पुत्र राजेश आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसे पूर्व में हत्या व लड़की भगाने जैसे संगीन मामलों में सज़ा हो चुकी है। महिला का कहना है कि 14 अगस्त की सुबह पति ने उसे दोनों बच्चों समेत बेरहमी से मारपीट कर नंगे पाँव घर से निकाल दिया। 

मायके में कोई सहारा न होने के कारण वह फतेहपुर थाना क्षेत्र के खन्ता मजरे सरैय्या गांव में अपनी बहन अंजली और जीजा दयाराम के घर आकर रहने लगी। आरोप है कि 31 अगस्त को सुबह आरोपी अचानक वहाँ आ धमका और उसके लात-घूसों से पीटने लगा। इस दौरान जब उसकी बहन अंजली और जीजा दयाराम ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी आरोपी ने मारा-पीटा और जान से मारने की धमकी दी।

संबंधित समाचार