बदायूं : शौचालय की दीवार गिरी, मलबा में दबकर महिला की मौत
सोमवार दोपहर बिसौली क्षेत्र के गांव बसई में हुआ हादसा
बिसौली, अमृत विचार: दो दिन से लगातार हो रही रिमझिम और झमाझम बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। कच्चे व कमजोर मकान गिरने लगे हैं। बिसौली क्षेत्र के एक गांव में शौचालय की दीवार गिर गई। बुजुर्ग महिला मलबा में दब गई। परिजनों ने महिला को बाहर निकाला लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। परिजनों में चीत्कार मच गय।
हादसा कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव बसई में हुआ। सोमवार दोपहर तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरा गांव निवासी वीरवाला (56) पत्नी रमाकांत शौच के लिए घर के शौचालय में गई थीं। इसी दौरान शौचालय की दीवार भरभराकर गिर गई। वीरवाला दीवार के मलबा में दब गईं। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण पहुंचे। महिला को मलबा से बाहर निकला। उनके मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कुछ समय के बाद राजस्व विभाग ने मौका मुआयना किया। वहीं क्षेत्र के गांव कालूपुर में एक पेड़ के सड़क पर गिरने की वजह से आवागमन प्रभावित हुआ।

समदनगर में गिरा मकान, एक परिवार के छह लोग घायल
इस्लामनगर, अमृत विचार: लगातार हो रही बारिश ने रविवार रात बड़ा हादसा करा दिया। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव समदनगर में रघुवीर का मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त परिवार के सभी लोग घर में मौजूद थे। मलबे में दबकर छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से रुदायन स्थित सीएचसी भिजवाया। घायलों में रघुवीर, उनकी पत्नी हरप्यारी, बेटी गीता, बेटा अनमोल और दो नाती करन व अर्जुन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि खाना खाते वक्त मकान की छत का गाटर और मिट्टी अचानक ढह गई, जिससे सब दब गए। हरप्यारी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। बाकी घायलों का भी उपचार जारी है। गनीमत यह रही कि हादसा रात में सोते वक्त नहीं हुआ, वरना जनहानि भी हो सकती थी।
