UP : घर डूबे तो छतों पर जिंदगी का आसरा…मदद को तरसते ग्रामीण

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

भानपुर, अमृत विचार। लगातार बारिश और बनबसा बैराज से छोड़े गए एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी ने बिजुआ ब्लॉक क्षेत्र में तबाही मचा दी है। शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर से ग्राम पंचायत शाहपुर के मजरा कुंवरपुर खुर्द और लोनियाना पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि ग्रामीण अपने मकानों की छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं।

गांवों के अधिकांश घरों में पानी घुस चुका है। लोगों के पास न खाने का साधन है न पीने का साफ पानी। चूल्हे तक डूब जाने से खाना बनाना मुश्किल हो गया है। बच्चे और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई परिवार कई दिनों से छतों पर ही रहकर जिंदगी गुजार रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी या प्रशासनिक टीम मौके पर नहीं पहुंची। न राहत सामग्री मिली, न बचाव की व्यवस्था की गई। 

हालात यह हैं कि बीमार और बुजुर्ग लोग दवाओं के अभाव में छटपटा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार मदद की गुहार लगाई, लेकिन प्रशासनिक अमला नदारद है। गांव की बदहाली की जानकारी मिलने पर पूर्व प्रधान अवध राम वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्रीय लेखपाल से फोन पर तत्काल मदद पहुंचाने की मांग की। गांव के रामकिशन, राजाराम, रामऔतार, भोले, अनिल, गजराज, संतोष, कोमल, दाताराम, रामप्रसाद, रामरतन, जीवनलाल, धर्मेंद्र, गयाप्रसाद, फूलवती, पप्पू, मुरली, रामजी, शिवकुमार, जसकरण, विष्णु, महेश, राकेश, दिनबंधन, शेरसिंह समेत दर्जनों परिवारों के घरों में पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द से जल्द प्रशासन ने मदद नहीं की तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

एडीएम ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बाढ़ क्षेत्र खजुरिया भानपुर, आजादनगर आदि गांवों का किया निरीक्षण। साथ ही बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री वितरित की। एडीएम ने चिकित्सक व पशु चिकित्सक को निर्देशित किया कि सभी घरों का भ्रमण करते हुए आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था करें।

बारिश से फसलें गिरी, आंधी से उड़े छप्पर-टिनशेड
रिमझिम बारिश के साथ आई तेज आंधी ने क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई। कई लोगों के आशियानो पर पड़े छप्पर और टिनशेड उड़कर दूर जा गिरे। इससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। तेज आंधी के कारण गन्ना और धान की फसल खेतों में बिछ गई। मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे के बारिश के साथ तेज आंधी चलने लगी। इससे गा्रम पंचायत भेड़ोरी के मजरा तकियापुरवा में अरविंद वर्मा, उमेश वर्मा, अजय वर्मा, राम किशोर वर्मा, जंग बहादुर वर्मा, मनोज कुमार वर्मा, राम सेवक वर्मा, भैया लाल आदि ग्रामीणों के घरों पर पड़े छप्पर व टीम सेट उड़कर दूर जा गिरे। सहज राम के घर पर पड़ा छप्पर व तीन शेड उड़ कर धान व गन्ने के खेत में जा गिरे है। कई घरों की टीन सेट पेड़ों पर जाकर लटक गई। आंधी तूफ़ान से हुए नुकसान से ग्रामीण काफी परेशान है | पीड़ित व्यक्तियो ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।


संबंधित समाचार