बाराबंकी : बीमा एजेंट के बेटे ने लाखों की किश्तें हड़पीं, एफआईआर दर्ज
जैदपुर, बाराबंकी, अमृत विचार । जीवन बीमा निगम के दिवंगत एजेंट के बेटे पर गंभीर आरोप लगे हैं। भरोसा कर कई ग्राहक बीमा किश्तों का पैसा देते रहे, वहीं आरोपी ने लाखों रुपये जमा ही नहीं किए। इसका पता लगने पर पुलिस में लिखित शिकायत करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम देवपुरा की रहने वाली शहनाज बानो के मुताबिक गांव के कई लोगों ने एलआईसी की पॉलिसी एजेंट मिथलेश कुमार मिश्रा निवासी बीबीपुर थाना जैदपुर के जरिए कराई थी। वर्ष 2021 में एजेंट की मृत्यु हो गई। इसके बाद उसका बेटा रविकांत मिश्रा ग्रामीणों से किस्त जमा करने के नाम पर लाखों रुपये कई बार में लेता रहा, लेकिन किसी की भी किस्त जमा नहीं की। जब ग्रामीणों ने एलआईसी कार्यालय जाकर जानकारी ली तो उन्हें ठगी का पता चला।
पीड़िता ने बताया कि अप्रैल में भी रविकांत ने किस्त जमा कराने के नाम पर रकम ली थी। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार फोन कर वह लोगों से रुपये वसूलता रहा। इस ठगी का शिकार शहनाज बानो के अलावा जनाका पत्नी चन्द्रिका प्रसाद, सुन्दरा पत्नी विजय बहादुर, आसमा बानो पत्नी सराफत अली, सराफत अली पुत्र इरसाद अली, इन्साफ अली पुत्र इरसाद अली, शबीना बानो पत्नी नसरुद्दीन, उसमान अली पुत्र इन्साफ अली भी हुए हैं। आरोपी रविकांत मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : फर्जी IAS अफसर लखनऊ में गिरफ्तार, पुलिस के सामने आते ही खुली पोल
