Bareilly : केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, जनता की समस्याएं सुनने का आह्वान
बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बुधवार देर शाम सर्किट हाउस में बरेली और मुरादाबाद मंडल के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि पार्टी की रीढ़ कार्यकर्ता होते हैं। संगठन तभी सशक्त होता है जब हर स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय और जनता के बीच जुड़े रहते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें।
केंद्र और प्रदेश सरकार जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब कार्यकर्ता उनकी सही जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संगठन की ताकत बनें और जनता का विश्वास जीतने के लिए निरंतर सक्रिय रहें। बैठक में दोनों मंडलों के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री ने सभी से संवाद कर सुझाव भी लिए और आश्वासन दिया कि कार्यकर्ताओं की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
