बदायूं : पिकअप की टक्कर से सड़क किनारे खड़े युवक की मौत
बदायूं, अमृत विचार। खरीदारी करने के बाद गांव लौटते समय दो दोस्त सड़क किनारे खड़े होकर बात करने लगे। तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव निर्जरा निवासी भीम यादव अपने दोस्त खन्नू बाबू के साथ नगर में खरीदारी करने के लिए बाइक से आए थे। सामान खरीदने के बाद वह दोनों वापस गांव लौट रहे थे। रास्ते में मलैया वाले बाबा मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप आई और दोनों युवकों को टक्कर मार दी।
चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। हादसे में दोनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। दोनों को इलाज के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी कि भीम यादव ने दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने भीम यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पिकअप थाना परिसर में खड़ी कराई है।
