मुरादाबाद : ईद मिलादुन्नबी के जश्न में दुल्हन की तरह सजा शहर
महानगर में निकलेगा जुलूस-ए-मोहम्मदी, लाइटों और झंडों से सजाए गए घर
मुरादाबाद, अमृत विचार: महानगर में हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन यानि ईद मिलादुन्नबी को लेकर काफी उत्साह है। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में काफी जोर-शोर से तैयारी हुई है। लोगों ने अपने घरों को लाइटों और इस्लामिक झंडों से सजाया है। महानगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा।
पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की यौम-ए-पैदाइश यानि ईद मिलादुन्नबी मनाया जा रहा है। जिसको लेकर मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में खासा उत्साह है। बाजारों में लाइटों और झंडों की बिक्री पिछले एक सप्ताह से चल रही थी। दूसरी ओर लोगों ने अपने घरों और मस्जिदों को आकर्षक तरीके से सजाया है। मदरसों, मस्जिदों और घरों पर लहराते हुए झंडे प्यारे नबी की आमद का अहसास करा रहे हैं। महानगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी आज निकाला जाएगा। जिसकी शुरूआत महानगर के जीआईसी चौराहे से होगी। यहां पहले शहर इमाम सैय्यद मासूम अली आजाद की अध्यक्षता में जलसा आयोजित किया जाएगा। जिसके बाद जुलूस-ए-मोहम्मदी रवाना किया जाएगा। यह जुलूस दीवान का बाजार स्थित जामिया नईमियां मदरसे पर पहुंचकर संपन्न होगा। गुरुवार को पूरा शहर खासकर मुस्लिम बाहुल्य मोहल्ले दुल्हन की तरह सजे नजर आए। वहीं मरकजी जमीयत अहले सुन्नत के नायब सदर मुफ्ती दानिश उल कादरी ने बताया कि जुलूस में मिनी मेट्रो, ठेले और आटो रिक्शा की इजाजत रहेगी। सभी लोग जुलूस में अदब के साथ झंडे लेकर पैदल ही चलेंगे। किसी भी गाड़ी की छत से लंगर अथवा किसी भी प्रकार चीज नहीं फेंकी जाएगी। जुलूस में डीजे लगे बड़े वाहन, खाली बड़े वाहन लाना भी मना है।
