रायबरेली हत्या : प्रेम प्रसंग में बाधा बना भाई तो नाबालिग बहन ने कुल्हाड़ी से काट डाला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायबरेली। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे भाई को नाबालिग बहन ने कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। रात करीब दो बजे खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो परिजनों को होश उड़ गए। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महज चंद घंटे में ही मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतक के नानी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।

मामला हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव का है। मृतक हिमांशु पुत्र स्व. शिवमंगल पासी बछरांवा थाना क्षेत्र के के नन्दाखेड़ा का रहने वाला था। वह पिछले कई वर्षों से अपनी नानी के घर हरचंदपुर के प्यारेपुर में रह रहा था। रात में खाना खाने के बाद हिमांशु अपने घर के बाहर सोने चला गया। रात करीब दो बजे  परिजन उसका खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो सभी को होश उड़ गए। इससे परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं ग्रामीणों का मजमा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हरचंदपुर पुलिस और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पहले तो हत्या की वजह जमीन विवाद बताया गया। पुलिस को मामले में कुछ आशंका हुई तो कड़ाई से पूछने पर बहन ने पूरी बात बताते हुए कुल्हाड़ी से हत्या करने की बात को स्वीकार कर लिया।

cats

पुलिस ने तत्काल हत्या को अंजाम देने में शामिल बहन को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की नानी लक्ष्मीना की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के मामले में बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष आदर्श सिंह ने बताया कि आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

प्रेमी के साथ मिलकर अंजाम देने की आशंका

पुलिस ने मामले में मृतक की बहन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं ग्रामीण हत्याकांड में उसके प्रेमी के हाेने की बात भी दबी जुबान कह रहे हैं। हालांकि पुलिस भी खुलकर नहीं बोल रही है। लेकिन कहीं ना कहीं इस घटना में  किसी और के साथ होने की बात को स्वीकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कई बार हिमांशु कर चुका था विरोध

हिमांशु कई बार बहन को आगाह कर चुका था। उसे प्रेम प्रसंग की पूरी जानकारी थी। दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। लेकिन किसी को यह नहीं मालूम था कि बहन ही अपने भाई के जान की दुश्मन बन जाएगी। पुलिस प्रेम प्रसंग की बात को स्वीकार तो कर रही है, लेकिन जांच के बाद ही हत्या के सही तथ्य और शामिल लोगों के आने की बात कह रही है। 

संबंधित समाचार