कानपुर: दोस्त संग ट्रिप पर निकले युवक की हादसे में मौत, शक के घेरे में साथी, पुलिस ने पूछताछ के लिए चौकी में बैठाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। गोविंदनगर के दबौली हाईवे पर दोस्त संग पांच दिन की ट्रिप पर निकले युवक की हादसे में मौत हो गई। जबकि उसके साथी को खंरोज तक नहीं आई। पुलिस ने दुर्घटना पर संदेह जताते हुए साथी को पूछताछ के लिए चौकी में बैठाया है। साथी का कहना है कि वह झांसी से कानपुर होते लखनऊ जा रहे थे, तभी दबौली हाईवे पर पीछे से आई स्कार्पियो ने टक्कर मार दी।

लखनऊ के सरोजनीनगर हिंदनगर निवासी स्व. शिव आसरे अस्थाना का 23 वर्षीय सबसे छोटा बेटा देवेश कमालिया साइकिल कंपनी में सुपरवाइजर था। परिवार में बड़ा भाई शिवम, बहन शक्ति व शिवांगी हैं। शिवम के अनुसार करीब छह दिन पहले देवेश बाइक से ट्रिप पर निकला था। उसके साथ एक उसका दोस्त भी था। 

उन्होंने बताया कि देवेश सबसे पहले झांसी अपने मित्र के यहां गया। उसके यहां ही रहकर उसने झांसी का भ्रमण किया, इसके बाद शनिवार को लखनऊ के लिए लौट रहा था। वह दोनों गोविंदनगर क्षेत्र स्थित दबौली हाईवे पर पहुंचे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। देवेश उछलकर डिवाइडर पर गिरा। सिर पर गंभीर चोट आने से बेहोश हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे समीप के अस्पताल फिर हैलट भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

शिवम ने बताया कि देवेश के साथी का भी कहना है कि वह दूसरे तरह गिरा था, लेकिन उसे खंरोच तक नहीं आई। इसी कारण पुलिस ने हादसे पर संदेह जताते हुए साथी को पूछताछ के लिए चौकी में बैठाया है। शिवम के अनुसार उसके घर में शादी की तैयारियां चल रही है। 30 नवंबर को उसकी शादी है। इसी बीच हादसे में भाई की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।

संबंधित समाचार