लखीमपुर खीरी : बेहजम क्षेत्र में टाइगर के पगमार्क मिलने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम , अमृत विचार। थाना नीमगांव क्षेत्र के कस्बा बेहजम में बीते कई दिनों से टाइगर के पगमार्क दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। सोशल मीडिया पर लगातार टाइगर की मौजूदगी की चर्चा होती रही, लेकिन वन विभाग ने शुरुआती दिनों में इसे अन्य जंगली जानवर के पैरों के निशान बताते हुए पल्ला झाड़ लिया। सोमवार को टाइगर के पगमार्क होने की पुष्टि होने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क किया है।
 
क्षेत्र में कई दिनों से पगमार्क देखे जा रहे थे। वन अफसर इसे किसी जंगली जानवरों का बताकर अपना पल्ला झाड़ ले रहे थे। सोमवार को अकबरपुर ग्राम पंचायत के मजरा सरैया व भूलनपुर के मजरा लालपुर गांव के किनारे टाइगर के ताजे पगमार्क मिले। सरैया गांव निवासी विजय सिंह यादव के खेत में मिले इन निशानों की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। सूचना पर मैगलगंज रेंजर केके. सागर, डिप्टी रेंजर उमेश प्रताप चौहान, वन दरोगा उमेश वर्मा और वनरक्षक पीयूष रंजन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 

अधिकारियों ने पगमार्ग का निरीक्षण किया और क्षेत्र में सघन कांबिंग की। रेंजर केके सागर ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग खेतों की ओर जाते समय अकेले न जाएं, बल्कि समूह बनाकर ही निकलें। निरीक्षण के बाद रेंजर ने पुष्टि की कि देखे गए पगमार्ग टाइगर के ही हैं। टाइगर की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद से ग्रामीणों में दहशत है, वहीं वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

संबंधित समाचार