बाराबंकी न्यूज: सगी बहनों की पिटाई कर तालाब में दिया धक्का, युवक ने महिला से के छेड़खानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। घरेलू विवाद में एक विवाहिता की ससुरालियों ने पिटाई कर दी। इस पर भी जी नहीं भरा तो विवाहिता को उसकी बहन समेत तालाब में धक्का दे दिया। किसी तरह दोनों जान बचाकर बाहर निकलीं। घटना बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम इंटौजा में रविवार की शाम हुई। 

इस गांव स्थित ससुराल में रह रही निहारिका वर्मा पत्नी धर्मेन्द्र कुमार ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि रविवार शाम लगभग पांच बजे वह घर पर खाना बना रही थी। तभी उसके पति धर्मेन्द्र, जेठ दिनेश, जेठानी ममता, सास ललिता देवी, सुरेन्द्र उर्फ नन्हू व लवकुश ने एक राय होकर गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। 

विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता के मुताबिक जब उसने मायके में सूचना दी तो भाई अर्पित व बहन जूही मौके पर पहुंचे। आरोप है कि विपक्षियों ने उसकी बहन को भी पीटकर, दोनों बहनों को घर के सामने बने तालाब में धक्का दे दिया। किसी तरह जान बचाकर दोनों बाहर निकलीं। निहारिका की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सो रही महिला के साथ छेड़खानी, दी धमकी

सफदरगंज: थाना सफदरगंज क्षेत्र के एक गांव में सो रही महिला के साथ छेड़खानी की गई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 24 अगस्त की रात वह अपने घर के दरवाजे पर टीन शेड के नीचे चारपाई पर सो रही थी। उसी दौरान पड़ोसी परशुराम पुत्र बलदेव अपने रिश्तेदार अमित पुत्र विश्राम निवासी अजपुरा थाना जैदपुर के साथ पास में ही चारपाई पर लेटा था। 

आरोप है कि रात लगभग 12 बजे परशुराम का रिश्तेदार अमित उठकर पीड़िता की चारपाई पर आ लेटा और छेड़खानी करने लगा। शोर मचाने पर जब महिला की नींद खुली तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर उसके सास-ससुर और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार