Bareilly : नई जीएसटी दरें लागू होने से पहले ही कारों के रेट घटाकर हो रही बुकिंग
बरेली, अमृत विचार। जीएसटी स्लैब में हुए बदलाव से वाहन स्वामियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। जीएसटी की नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी और उसी दिन से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। लोगों ने गाड़ियों की अभी से बुकिंग शुरू कर दी है।
कीमतों में भारी-भरकम कटौती होने के कारण कंपनियां भी मांग के अनुरूप नया स्टाॅक नहीं दे रही है, ऐसे में हुंडई, मारुति समेत कई कंपनियों के डीलरों के यहां नवरात्र तक कारों का स्टाक खत्म होने की संभावना जताई जा रही है। शोरूम संचालकों की मानें तो पितृ पक्ष के दिनों में लोग सामान खरीदने से बचते हैं, इसलिए, कंपनियों ने जीएसटी की नई दरें लागू होने के एक पखवाड़ा पहले से ही दामों कटौती करते हुए बुकिंग शुरू कर दी है।
शोरूम संचालक भी आगामी दिनों में जीएसटी घटने के हिसाब से वाहनों के दाम कम बताकर बुकिंग कर रहे हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा पितृपक्ष में भी ऑटोमोबाइल सेक्टर रफ्तार भरने लगा है। आगामी दिनों में कारों की बंपर बिक्री होने की बात कही जा रही है। केंद्र सरकार ने जीएसटी में 12 और 28 प्रतिशत दर को समाप्त कर दिया। इन दरों के तहत आने वाले सभी उत्पाद, वाहन सस्ते होंगे। शोरूम संचालकों की मानें तो सरकार की जीएसटी दरों में कटौती की इस घोषणा के बाद से लोगों ने शोरूम पहुंचकर अपनी पसंद के वाहनों की बुकिंग शुरू कर दी है। शहर में महिंद्रा के मूसाराम इंटरप्राइजेस की करीब 21 कारें 22 सितंबर के लिए बुक हो चुकी हैं, जबकि, हुंडई और मारुति की कारों की बुकिंग में अपेक्षाकृत इजाफा हुआ है।
जीएम, कोरल मोटर्स शैलेंद्र चेतन ने बताया कि जीएसटी दरें घटने की घोषणा से अच्छा रुझान दिखाई दे रहा है। हालांकि श्राद्ध के दिनों की वजह से कंपनी ने अभी से दाम घटा दिए हैं, इसलिए दाम सस्ते करके वाहन बेच रहे हैं ताकि ग्राहकों को जीएसटी का पूरा फायदा मिल सके। मारुति की 32 कारों की बुकिंग 22 सितंबर के बाद की हुई है। मारुति की कार 40 हजार से एक लाख रुपये तक सस्ती होंगी।
एमडी, मूसाराम इंटरप्राइजेज दिनेश अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी दर घटने से यह फायदा हुआ कि थार, स्कार्पियो समेत तमाम माॅडलों की 80 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक की कीमतें कम होंगी। वहीं, पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि पितृपक्ष में भी कारों की बुकिंग जबरदस्त तरीके से हो रही है। आने वाले दिनों में ऑटोमोबाइल सेक्टर में बूम आने वाला है।
सचिन हुंडई एमडी, सचिन ने बताया कि के लोगों की धीरे-धीरे धारणा बदली है। लोग पितृपक्ष में भी खूब गाड़ियां खरीद रहे हैं। उनकी मान्यता है कि घर में बुजुर्ग आए तो नया वाहन देख कर खुश होंगे। अब तक 40 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी हैं। बीते चार दिन में बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर होने से नवरात्र में स्टॉक की होने की उम्मीद कम है। कारण यह है कि कंपनियों ने स्टाक निकालना बंद कर दिया है।
कारों के दामों में कुछ इस तरह रहेगी छूट
साधारण कार पर अब 18 प्रतिशत जीएसटी लागू होगा। पहले 28 प्रतिशत देना पड़ता था। जीएसटी दरो में कटौती से महिंद्रा की बोलेरो पर एक लाख, स्कार्पियों पर 1.40 लाख, थार रॉक्स पर 1.30 लाख और एक्सयूवी 700 पर 1.45 लाख रुपये की कटौती हुई है। इसी तरह हुंडई ट्यूसॉन कार पर 2.40 लाख, वैन्यू पर 1.23 लाख, आई-20 पर 98 हजार रुपये की छूट मिलेगी। वहीं, टाटा की नैक्सोन 1.50 लाख और सफारी पर 1.40 लाख की कटौती हुई है। टाटा ने कॉमर्शियल वाहनों पर 30 हजार से एक लाख रुपये तक कटौती की है।
टोयटा की फार्चुनर 3.25 लाख, इनोवा क्रिस्टा 1.75 लाख और हाइक्रास पर 1.15 लाख रुपये की राहत मिलेगी। मारुति सुजुकी की आल्टो की कीमत 40 हजार से 50 हजार रुपये और वैगन आर की कीमत 60 हजार से 67 हजार रुपये तक कम हुई हैं। स्विफ्ट, अर्टिगा सहित कई मॉडल पर एक लाख रुपये तक की कटौती हुई है। टू-व्हीलर कंपनियां बजाज, हीरो और टीवीएस ने भी ग्राहकों को फायदा पहुंचाते हुए दाम घटा दिए हैं। नई कीमतें 22 सितंबर से लागू होंगी।
