Good News: चित्रकूट धाम के तीर्थस्थलों के लिए जल्द ही चलाई जाएंगी बसे, पालिकाध्यक्ष ने शासन को लिखा पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट, अमृत विचार। तीर्थक्षेत्र आने वालों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही यहां तीर्थस्थलों को आनेजाने के लिए 48 बसें चलाई जाएंगी। हालांकि फिलहाल चार्जिंग स्टेशन न होने से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन संभव नहीं है।
यह जानकारी क्षेत्रीय प्रबंधक चित्रकूटधाम क्षेत्र संदीप कुमार अग्रवाल ने दी। उन्होंने प्रधान प्रबंधक (संचालन) परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ को इस संबंध में जनप्रतिनिधियों के शिकायती पत्रों पर हुई कार्रवाई की जानकारी देने संबंधी पत्र बीते दिनों भेजा है। 

उन्होंने बताया कि पालिकाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने इस संबंध में सरकार को पत्र भेजकर चित्रकूटधाम के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन व नगर बस सेवा के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का अनुरोध किया था। आरएम ने बताया कि इस संबंध में एआरएम चित्रकूट डिपो ने अपनी आख्या दी है। इसमें बताया गया है कि इलेक्ट्रिक बस चलाने के लिए अलग से चार्जिंग स्टेशन और कार्यशाला की आवश्यकता होगी, जो अभी उपलब्ध नहीं है।

वर्तमान समय में जिला प्रशासन द्वारा जिले में अंतर्राष्ट्रीय और अंतर्राज्यीय मार्गों पर बहुद्देशीय हब का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसमें बस स्टेशन के निर्माण के लिए लगभग 0.575 एकड़ भूमि भी है। बताया कि चित्रकूट डिपो को जल्द ही निगम मुख्यालय स्तर से 48 बसें प्राप्त होने वाली हैं। बसें आते ही यात्री उपलब्धता के आधार पर चित्रकूटधाम के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शनों के लिए इनका संचालन किया जाएगा।

संबंधित समाचार