अखिलेश यादव ने खेला मास्टर स्ट्रोक: 2027 में स्थान विशेष के लिए जरूरत के आधार पर लोकल मैनिफेस्टो बनाएगी सपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ( सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए स्थान विशेष के लिए लोकल मैनिफेस्टो को चुनावी हथियार बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर जब, जहाँ जैसी आवश्यकता होगी, 'लोकल मैनिफेस्टो' बनाकर इन्फ़्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट पर समयबद्ध तरीक़े से कार्य किया जाएगा। 

दरअसल, एक दिन पूर्व ही अखिलेश यादव ने आगरा, हाथरस एवं मथुरा के विकास को लेकर अलग से मैनिफेस्टो लाने की घोषणा के बाद से इस बात के संकेत दे दिए थे कि अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने घोषणा पत्र में 'लोकल मैनिफेस्टो' को भी जगह देगी। राजनीतिक गलियारों में अखिलेश का यह स्ट्रोक चुनाव को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए परेशानी का सबब बन सकती है।

शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि लोकल मैनिफ़ेस्टों' एक सार्थक पहल है जो पूरे प्रदेश के लिए आदर्श मॉडल बनेगी। जब, जहाँ जैसी आवश्यकता होगी, इसी तरह के 'लोकल मैनिफेस्टो' बनाकर, स्थानीय महत्व के मुद्दों व सड़क, फ़्लाई ओवर, बिजली, पानी, जलभराव, ट्रैफ़िक जाम, पक्की गलियों व अन्य इन्फ़्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट पर समयबद्ध तरीक़े से कार्य किया जाएगा। 

अखिलेश यादव ने कहा " जनता आज भी समाजवादियों के कामों को याद करती है और उन पर पूरी तरह से विश्वास भी करती है। इसीलिए ऐसे विशिष्ट प्रयासों से जनता फिर से समाजवादियों की सौहार्दपूर्ण, विकासोन्मुखी सरकार बनाएगी और उप्र को अमन-चैन और ख़ुशहाली के रास्ते पर वापस लाएगी। समाजवादी बनाएंगे स्थान विशेष के लिए 'लोकल मैनिफेस्टो' । मथुरा-वृंदावन लोकल मैनिफेस्टो, हाथरस लोकल मैनिफेस्टो, आगरा लोकल मैनिफेस्टो।"

संबंधित समाचार