शाहजहांपुर : 26 दिन का वेतन...30 दिन काम, ईएसआई कार्ड तक नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

विद्युत संविदाकर्मियों का अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना

शाहजहांपुर, अमृत विचार: विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने मंडल में कार्यरत संविदा कर्मियों की समस्याओं को लेकर एसई कार्यालय पर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कर्मियों ने कहा कि महीने में 26 दिन का वेतन देकर उनसे 30 दिन काम लिया जा रहा है। ईएसआई कार्ड तक का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। क्षेत्र में हादसों से चार मौतें हो चुकी हैं। इसके बाद भी सुविधाएं न के बराबर मिल रही हैं। बिना सूचना के संविदा कर्मी निकाले जा रहे हैं। प्रदर्शन के बाद संविदा कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता के माध्यम से ऊर्जा मंत्री को एक पत्र भेजा है। इसमें संगठन ने कई ज्वलंत मुद्दों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि मध्यांचल प्रबंध निदेशक के आदेशानुसार 30 प्रतिशत छंटनी का हवाला देकर शाहजहांपुर मंडल में 206 संविदा कर्मियों और 55 वर्ष आयु पूरी कर चुके 27 संविदा कर्मियों को बिना सूचना सेवा से हटा दिया गया। जबकि पूर्व आदेश के अनुसार अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2024 में लगातार कार्य करने वाले कर्मियों को नई निविदाओं में शामिल किया जाना था। संगठन ने इन कर्मचारियों की वापसी की मांग की है। संगठन ने कहा कि सहायक श्रमायुक्त के आदेशानुसार 18 से 60 वर्ष तक की आयु तक कर्मचारियों को कार्य करने की अनुमति है, लेकिन विभाग ने 55 वर्ष आयु पूरी होने पर छंटनी कर दी। वहीं, संविदा कर्मियों की कमी के चलते अधिक कार्यभार से दुर्घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। पिछले छह माह में शाहजहांपुर मंडल में आठ संविदा कर्मियों की विद्युत दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है।

इसके अलावा संगठन ने मांग की कि संविदा कर्मियों से वर्क टू रूल के तहत आठ घंटे ही काम लिया जाए और उन्हें साप्ताहिक अवकाश दिया जाए। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व कार्यदायी संस्था ओरियन कंपनी ने मार्च 2022 से अप्रैल 2023 तक का ईपीएफ बकाया जमा नहीं किया, जिसे मध्यांचल आदेश संख्या 2851 दिनांक 26.06.2024 के अनुसार नया ईपीएफ खाता खोलकर जमा किया जाए। संगठन ने वर्तमान कार्यदायी संस्था आल सर्विसेज ग्लोबल कंपनी पर भी गंभीर आरोप लगाए। बताया गया कि कंपनी ने कर्मचारियों को ईएसआईसी कार्ड उपलब्ध नहीं कराए और डिवीजन प्रथम का वेतन भी नहीं दिया। वहीं, पूर्व की ओरियन व बेसिल कंपनियों ने संविदा कर्मियों के ईपीएफ खातों से रिजाइन नहीं किया, जिससे कर्मचारियों का पैसा अटका हुआ है। पत्र पर प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना, मध्यांचल अध्यक्ष अशोक कुमार पाल, जोन प्रभारी राजेश कुमार, जोन महामंत्री मोहम्मद रफी, जिलाध्यक्ष मुनीश पाल और मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार के हस्ताक्षर हैं।

संबंधित समाचार