पीलीभीत: शहर की हकीकत परखने पहुंचे अपर निदेशक, चेक की व्यवस्थाएं...शासन को देंगे रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: स्वच्छ भारत मिशन उत्तर प्रदेश के प्रभारी अपर निदेशक शुक्रवार को पीलीभीत पहुंचे और शहर की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे विकास कार्यों के अलावा सफाई व्यवस्था और नाइट स्वीपिंग कार्य की वास्तविक स्थिति को परखा। निरीक्षण के दौरान कई खामियां भी उजागर हुईं, जिन्हें लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अपर निदेशक अब अपने निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।

बता दें कि नगरपालिका में स्वच्छ भारत मिशन के तहत एमआरएफ सेंटर, एफएसटीपी प्लांट समेत कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए थे। जिसकी रिपोर्ट नगरपालिका से दी जाती थी। इसकी हकीकत को परखने के लिए शुक्रवार को स्थानीय निकाय स्वच्छ भारत मिशन उत्तर प्रदेश के अपर निदेशक असलम अंसारी पीलीभीत पहुंचे। जहां उन्होंने सफाई निरीक्षक साबिर अली के साथ एफएसटीपी प्लांट देखा। जोकि  पूर्व में आई बाढ़ के चलते क्षतिग्रस्त हो रखा है और वर्तमान में ठप है। इसको पुन: शुरु कराने में आ रही अड़चनों को लेकर कर्मचारियों से जानकारी की। इसको लेकर उन्होंने विस्तृत जानकारी जुटाई। इसके बाद एमआरएफ सेंटर पर कूड़ा रीसाइक्लिंग को भी देखा।

वर्तमान में एमआरएफ संचालित होता पाया गया। इस पर उन्होंने अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर वहां काम तेजी से कराने के निर्देश दिए । इसके अलावा एसीवीएम की ओर से बनवाए गए शौचालयों की स्थिति भी देखी, जो बंद मिले। उन्हें संचालित कराने के निर्देश दिए। हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां पाई गई।जिस पर उन्होंने सुधार कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आने वाली समस्याओं के बारे भी जानकारी ली। साथ ही नाइट शिपिंग कार्य के बारे में भी जानकारी जुटाई। जिसके बाद वह वापस लौट गए और अपनी रिपोर्ट बनाकर शासन को देंगे।

संबंधित समाचार