गोकशी गैंग का पर्दाफाशः मुठभेड़ में घायल दो सगे भाइयों का निकला लंबा आपराधिक इतिहास, साहसिक ऑपरेशन से बदमाशों में हडकंप
अमेठी, अमृत विचार। अंधेरे में अपराध की एक और साजिश रची जा रही थी। जगह थी। जायस थाना क्षेत्र का एक सुनसान कोना, जहां मुर्गी फार्म के पास कुछ लोग सिर जोड़कर कुछ बड़ा करने की तैयारी में थे।
अपराध विरोधी अभियान के तहत, 13 सितंबर की रात एक जबरदस्त मुठभेड़ ने जिले की फिज़ा बदल दी। स्वाट टीम और जायस पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो अंतरजनपदीय कुख्यात अपराधी पुलिस की गोलियों से घायल होकर दबोचे गए। मुखबिर ने सूचना सराय महेशा गांव में कुछ शातिर अपराधी फिर से गोकशी की तैयारी में हैं। इस सूचना पर क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में एस आई अमरेन्द्र सिंह (थानाध्यक्ष, जायस) और स्वाट टीम प्रभारी अनूप कुमार सिंह तत्काल सक्रिय हो गए।
जैसे ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी शुरू की, अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जानलेवा हमले के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, और दो बदमाश गोली लगने से घायल होकर ज़मीन पर गिर पड़े। बाकी साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाशों से पूछताछ की गई तो दोनों ने एक चौंकाने वाली बात बताई कि वे सगे भाई हैं। पुलिस की गोली का शिकार आज़ाद पुत्र अल्लू (28 वर्ष) और सिरताज पुत्र अल्लू (32 वर्ष) निवासी ग्राम कंचाना, थाना जायस के हैं। दोनों के पैरों में गोली लगी थी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मौके पर दो देशी तमंचा, चार ज़िंदा और तीन खोखा कारतूस (315 बोर), लकड़ी का ठीहा, चाकू, लोहे का चापड़, तीन रस्सी, दो टॉर्च, 15 काली प्लास्टिक पन्नियां, दो प्लास्टिक की बोरियां,बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद की। थानाध्यक्ष, जायस अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है तथा फरार अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।
बदमाशों का आपराधिक इतिहास
आजाद पुत्र अल्लू पर रायबरेली और अमेठी के थानों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और कई संगीन धाराओं में दर्ज हैं सात मुकदमे दर्ज हैं। जबकि सिरताज पुत्र अल्लू पर अमेठी जिले में गोवध, गैंगस्टर एक्ट, महामारी अधिनियम, मारपीट और सार्वजनिक शांति भंग जैसे मामलों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़ेंः PM Modi 75th Birthday: रक्तदान कर मनाया जाएगा पीएम मोदी का जन्मदिन, सेवा पखवाड़ा में भाजपा आयोजित करेगी कई कार्यक्रम
