Shahjahanpur : धार्मिक पुस्तक पर टिप्पणी के बाद तनाव, बमुश्किल संभला शहर का माहौल
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर धार्मिक पुस्तक को लेकर की गई आपत्तिजनक पोस्ट से शहर का माहौल बिगड़ने की कगार पर पहुंच गया। रात करीब बारह बजे तक हजारों लोगों की भीड़ सड़कों पर डटी रही। हालात नाजुक होते देख डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एसपी राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई।
बहादुरगंज निवासी केके दीक्षित ने फेसबुक पर विवादित टिप्पणी की थी। इसकी जानकारी मिलते ही ईदगाह कमेटी के सचिव कासिम रजा ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। खबर फैलते ही रात नौ बजे से ही भीड़ थाने के बाहर जमा होने लगी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। भीड़ के बढ़ते दबाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुला ली गई।
थाना प्रभारी अरविंद सिंह के समझाने के बावजूद लोग नहीं माने। करीब दस बजे पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ा। इसी दौरान पंखी चौराहे पर पुलिस पर पथराव भी हुआ। भगदड़ में कई लोग अपनी बाइक और स्कूटी मौके पर छोड़कर भाग खड़े हुए। कुछ देर बाद भीड़ निशात टॉकीज रोड पर इकट्ठा हो गई और लगातार नारेबाजी होती रही। देर रात तक दुकानों के शटर बंद हो गए। इसी बीच डीएम-एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए लोगों को शांत कराया। बाद में पुलिस ने रूट मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
एसपी राजेश द्विवेदी ने कहा कि शहर का माहौल अब शांत है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या अराजकता करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
