अमेठी में ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक को 100 मीटर तक घसीटा... लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर
कमरौली/अमेठी, अमृत विचार। कमरौली थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक बाइक समेत करीब 100 मीटर तक ट्रक के नीचे घसीटता चला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना रोड नंबर चार की है। घायल युवक की पहचान सराय आलम नियावा निवासी आलोक शुक्ला (22) के रूप में हुई है।
आलोक औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में कार्यरत है। रविवार को वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, तभी अचानक पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आलोक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। एम्बुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
कमरौली थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः असम को पीएम मोदी देंगे 18,530 करोड़ की सौगात, पूर्वोत्तर दौरे का आज दूसरा दिन
