कपड़ा व्यापारी को बंधक बनाकर बदमाशों ने की लूटपाट, 50 हजार कई नकदी और लाखों के जेवर ले गए बदमाश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

हाथ पैर बांधकर की पिटाई,घटना को दबाने में जुटी पुलिस

नवाबगंज/ लखनऊ, अमृत विचार: नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर चौकी अंतर्गत मैनपुर दुबौली गांव में शनिवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने जब कर तांडव मचाया। बदमाश एक कपड़ा व्यापारी के घर में घुस गए और उसे बंधक बनाकर लूटपाट की। व्यापारी ने शोर मचाने की कोशिश की तो उसका हाथ पैर बांध दिया और आंख पर पट्टी बांध दी। इसके बाद उसे लात घूंसों से जमकर पीटा। बदमाश 50 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर लूट कर शरीर हो गए। बदमाशों के जाने के बाद गांव में पहरा दे रहे दो पहरेदार मौके पर पहुंचे और पीडित व्यापारी को बंधन मुक्त किया। इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है‌। पीडित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है‌। चौकी पुलिस मामले को दबाने में जुटी है। 

पीड़ित व्यापारी अनूप दूबे ने बताया की उनकी कोल्हमपुर इमाम बाजार में कपड़े की दुकान है। गांव में उनके दो मकान हैं। एक मकान में उनका परिवार रहता है, जबकि दूसरे मकान पर वह अकेले सोते हैं। शनिवार रात जब वह चारपाई पर सो रहे थे तभी रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच चार अज्ञात बदमाश दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस आए। बदमाशों ने उनका आंख और मुंह बांध दिया। हाथ पीछे से कसकर बांध दिया और लात-मुक्कों से उनकी पिटाई की। इसके बाद बदमाश घर से 50 हजार रुपये नकद और उनकी मां के जेवर चांदी की पायल, एक बड़ा झाला, हाथ का कड़ा, एक चांदी का झाला और तीन ठप्पा की मटरमाला लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने बाहर निकलने की कोशिश की तो पैर बंधा होने के कारण वह कमरे से गिर पड़े। शोर सुनकर पहरा दे रहे राजाराम और रामनाथ पहुंचे और उन्हे बंधन मुक्त किया। घटना के बाद गांव के पंकज दूबे, सौरभ दूबे, राजाबाबू, दुर्गा सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की लचर गश्त पर आक्रोश जताया। ग्रामीणों का कहना है कि अपराधी खुलेआम सक्रिय हैं और चौकी पुलिस केवल खानापूर्ति कर रही है। चौकी प्रभारी शिवकुमार यादव ने कहा कि जिस तरह घटना बताई जा रही है, वैसा कुछ नहीं हुआ है। फिलहाल पीड़ित को चौकी पर बुलाया गया है। घटना की जांच की जा रही है‌।

यह भी पढ़ेंः लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान का टेकऑफ फेल, बड़ा हादसा टला; सपा सांसद डिंपल यादव सहित 151 यात्री थे सवार

संबंधित समाचार