वाराणसी: अधिवक्ता ने पुलिसकर्मी पर लगाया मारपीट का आरोप, पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र में रथयात्रा चौराहे पर शनिवार रात अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह और दरोगा गोपाल कन्हैया के बीच 'नो एंट्री' को लेकर विवाद हो गया। अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि दरोगा गोपाल कन्हैया ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह लहूलुहान हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही कार्रवाई की मांग को लेकर दर्जनों अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अधिवक्ता की पत्नी शारदा की तहरीर पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता शिव प्रताप सिंह अपनी पत्नी शारदा के साथ लक्ष्मी मंदिर में दर्शन-पूजन कर घर लौट रहे थे। रथयात्रा चौराहे पर पुलिसकर्मियों ने 'नो एंट्री' का हवाला देकर उन्हें रोक दिया।
अधिवक्ता ने बताया कि उनका घर पास में ही है और वह पेशे से अधिवक्ता हैं। इसी बीच, वहां मौजूद दरोगा ने मारपीट शुरू कर दी जिसकी वजह अधिवक्ता को गंभीर चोटें आईं। घायल अधिवक्ता को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। एमएलसी धर्मेंद्र राय भी मौके पर पहुंचे और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।अधिवक्ता की पत्नी शारदा की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
