गोंडा: जर्जर मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर चार मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। गोंडा जिले में रविवार को एक जर्जर मकान की छत गिरने के कारण मलबे में दबकर चार मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रशासन ने तत्काल सभी को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। एक मजदूर की हालत गंभीर बताई गई है।

देवीपाटन मंडल के आयुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि जिला मुख्यालय पर मेवातियान मोहल्ले के नूरी मस्जिद की गली में स्थित एक जर्जर मकान को कुछ मजदूर तोड़ रहे थे।

 उन्होंने कहा कि इस दौरान अचानक मकान की छत गिर गई, जिसके परिणाम स्वरूप भूतल पर काम कर रहे चार श्रमिक मलबे में दबकर घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने चारों मजदूरों इंजमाम, गुमरान, साहिल और शफीक को तत्काल मेडिकल कालेज भिजवाया। 

आयुक्त ने बताया कि एक मजदूर की हालत गंभीर है और तीन अन्य को हल्की चोट लगी हैं। उन्होंने बताया कि मलबे में किसी अन्य श्रमिक के दबे होने की संभावना नहीं है, लेकिन ऐहतियातन घटना स्थल की विधिवत जांच के लिए राज्य आपदा मोचन दल (एसडीआरएफ) की टीम बुलाई गई है। 

सदर क्षेत्र के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि शकील नामक व्यक्ति ने दो मंजिला मकान मोहल्ले के ही वसीम को बेंचा था। उन्होंने कहा कि मकान जर्जर होने के कारण उसे ध्वस्त करवाकर दोबारा बनवाने के लिए मजदूर लगाए गए थे, इस बीच हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।  

संबंधित समाचार