UP : सड़क हादसे में कार के उड़े परखच्चे, पीलीभीत के कपड़ा व्यापारी समेत चालक की मौत
खुटार, अमृत विचार। खुटार-पूरनपुर मार्ग पर लौंहगापुर जंगल में रविवार सुबह पांच बजे अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। वाहन का अगला क्षतिग्रस्त हो गया और पड़खच्चे उड़ गए। कार में सवार कपड़ा व्यापारी जनपद पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर के मोहल्ला करीमगंज निवासी कलीम रजा उर्फ लल्ला (30), मोहल्ला खान खां कब्रिस्तान के पास रहने वाले चालक नवी हसन उर्फ भोला (57) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गाड़ी में पीछे सीट पर बैठे मोहल्ला करीमगंज निवासी कपड़ा व्यापारी इरशाद रजा (32) घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दुर्घटना के समय चीख पुकार मच गई। तो सड़क से निकल रहे राहगीरों ने कार में फंसे दोनों मृतकों और घायल को जैसे तैसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत पुलिस टीम के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद परिजन भी रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल इरशाद रजा को 108 सेवा एंबुलेंस कर्मी राकेश मौर्या, मनोज कुमार की मदद से खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टर ने घायल इरशाद रजा को गंभीर हालत में जिला मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि किस वाहन ने कार में टक्कर मारी है। यह पता नहीं चल पाया है। तलाश की जा रही है। आशंका है कि कपड़ा व्यापारी की कार अज्ञात वाहन के पिछले हिस्से में टकराई है। जिससे हादसा हुआ है। परिजनों के अनुसार, इरशाद रजा और कलीम रजा कपड़ा व्यापारी है। प्रांत दिल्ली से कपड़ा खरीद कर लाते है और सिलाई करने के बाद थोक में बिक्री करते हैं।
रविवार सुबह तड़के चार बजे बैगनार में कपड़ा भरकर घर से लखीमपुर खीरी के लिए निकले थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि हादसा हो गया और कलीम रजा, चालक नवी हसन उर्फ भोला की जान चली गई और इरशाद घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि गेंहू भरा ट्रक, डीसीएम, पिकअप वाहन के पीछे हिस्से में कार का अगला हिस्सा घुस गया है। इससे हादसा हुआ है। मौके पर गेंहू पड़े मिले है। हालांकि, चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। मृतक कलीम रजा की पत्नी खुशनुर, पिता रहिशुद्दीन, मां मीनत, भाई रिहान का रो-रोकर बुरा हाल है।
आपस में फुफेरे-ममेरे भाई कलीम रजा और इरशाद रजा
इरशाद रजा के ममेरे भाई कलीम रजा है। आपस में दोनों काफी दिनों से काम करते आ रहे थे। लेकिन इरशाद रजा के ममेरे भाई कलीम रजा की सड़क हादसे में मौत हो गई। कलीम रजा कपड़ा थोक विक्रेता का काम करते थे। दिल्ली से कपड़ा खरीद कर लाते थे और थोक बिक्री करते थे। रविवार सुबह इरशाद अपने ममेरे भाई कलीम रजा और चालक नवी हसन के साथ वाहन से कपड़ा की बिक्री करने लखीमपुर खीरी जा रहे थे। तभी खुटार लौंहगापुर जंगल में हादसा हो गया। हादसे में इरशाद के ममेरे भाई, चालक की जान चली गई। इससे घर में कोहराम मचा हुआ है।
खुशनुर की उजड़ गई मांग, जन्म से पहले सिर से उठा पिता का साया
खुटार। जनपद पीलीभीत के अमरिया की रहने वाली खुशनुर का निकाह वर्ष 2025 में फरवरी माह में पूरनपुर निवासी कलीम रजा के साथ हुआ था। निकाह के करीब आठ माह हुए थे। खुशनुर आठ माह की गर्भवती है और जल्द ही घर में खुशियां आने वाली है। लेकिन रविवार सुबह को सड़क हादसे में कलीम रजा की जान चली गई। इससे खुशनुर की मांग उजड़ गई और बच्चें के जन्म से पहले पिता का साया उठ गया। कलीम रजा की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
सीसीटीवी कैमरे होंगे चेक
लौंहगापुर जंगल में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के मामले में टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन का पता नहीं चल पाया है। अब सीसीटीवी कैमरे चेक करेंगे। जिससे शायद कुछ जानकारी हाथ लग सके। पुलिस पूरनपुर रोड पर दुकानों, टोल टैक्स पर सीसीटीवी कैमरे चेक करने का दावा कर रही है।
तड़पते रहे घायल, दो ने तोड़ दिया दम, एक की बच गई जान
हादसे के बाद कार में बुरी तरह फंसे घायल कलीम रजा, नवी हसन ने दम तोड़ दिया। जबकि घायल इरशाद रजा की जान बच गई। माना जा रहा है कि रविवार सुबह पांच बजे हादसा हुआ। पुलिस के साथ ही किसी को घटना की जानकारी नहीं हो पाई। इससे घायल कार में फंसे रहे और तड़प-तड़प कर मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों मृतकों के शव को बाहर निकाला। लेकिन इरशाद रजा की सांस चलती देख एंबुलेंस से खुटार सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
इरशाद की तय चुकी है शादी
खुटार। पूरनपुर निवासी घायल इरशाद रजा की शादी पीलीभीत के गोपालनगर से तय चुकी है और दो माह के अंदर ही शादी होनी है। लेकिन रविवार सुबह इरशाद रजा सड़क हादसे में घायल हो गए। सूचना पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जिला अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है।
लौंहगापुर जंगल बना एक्सीडेंट जोन
खुटार। खुटार-पूरनपुर रोड पर कई जगह सड़क हादसे होते रहते है। हादसे में कई लोगों की जान जा चुकी है और घायल हो चुके है। लेकिन लौंहगापुर जंगल एक्सीडेंट जोन बन चुका है। जो आये दिन हादसे होते रहते है। यह कोई न कोई वाहन टकराने की सूचना मिलती रहती है। इस रोड पर वाहन धीरे और बचकर चले। जिससे सुरक्षित घर पहुंच सके।
