बलरामपुर: झूठी निकली बढया पकड़ी गांव की कथित 10 लाख की चोरी, पुलिस ने किया खुलासा
उतरौला/बलरामपुर,अमृत विचार। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा बढया पकड़ी में रविवार सुबह दिनदहाड़े कथित चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में जिस मामले को 10 लाख रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी बताया गया था, वह पूरी तरह से मनगढ़ंत और फर्जी निकला। पुलिस ने मामले की तहकीकात के बाद चोरी बताए गए सभी जेवरात और नकदी घर की अलमारी के पीछे से बरामद कर लिए हैं।
गौरतलब है कि ग्राम बढया पकड़ी निवासी इंसान अली के घर पर उनकी 19 वर्षीय पुत्री चांदनी बानो के साथ दिनदहाड़े तीन अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर गहनों व नकदी की चोरी की खबर सामने आई थी। परिजनों ने दावा किया था कि चोरों ने चांदनी को डराकर बेहोश कर दिया और शादी के लिए खरीदे गए गहने व ₹10,000 नकद लेकर फरार हो गए। इस कथित वारदात के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।
लेकिन मामले की गंभीरता से जांच करते हुए जब पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल की तो पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। सीओ उतरौला के नेतृत्व में की गई जांच में स्पष्ट हुआ कि न तो कोई जबरन घुसपैठ हुई, न ही किसी प्रकार की छीना-झपटी। अंततः पूछताछ और तलाशी के दौरान चोरी बताए गए सभी सामान घर की अलमारी के पीछे सुरक्षित मिले।
पुलिस ने इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन कारणों की वजह से परिवार द्वारा चोरी की झूठी कहानी गढ़कर अफवाह फैलाई गई, जिसकी सच्चाई अब सामने आ चुकी है। मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि इस प्रकार की झूठी घटनाओं से कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ न करें,अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
