प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा, प्रेम-प्रसंग के चलते हुई थी विकास की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना कोतवाली देहात में हुए युवक हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। विकास पटेल की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य हत्यारोपी सहित वांछित 25-25 हजार रुपये के 2 इनामी अभियुक्तों कुलदीप मुसहर पुत्र नन्हे लाल, पुनीत पुत्र विनोद निवासी गण नमक सायर कोतवाली देहात जनपद प्रताप गढ़ को आज गिरफ्तार कर लिया।
घटना से जुड़े 03 अभियुक्त पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर पुनीत पुत्र विनोद कुमार सरोज निवासी ग्राम नमक शायर थाना कोतवाली देहात, जनपद प्रतापगढ़ ने अपने साथियों कुलदीप मुसहर, निसार एवं बाकेलाल उर्फ रमेश के साथ मिलकर युवक की हत्या की घटना को अंजाम दिया था जिसके संबंध में थाना कोतवाली देहात में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त पुनीत ने घटना में संलिप्तता को स्वीकार करते हुए बताया कि विकास पटेल उसकी भांजी को परेशान करता था और वीडियो रिकॉर्डिग करके तरह तरह की धमकी देता था। इसी बात से परेशान होकर विकास को वह धोखे से मोटरसाइकिल से वीरान जगह पर ले जाया गया इसके बाद साथियों संग विकास के साथ मारपीट की। इसके बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और इसके बाद शव को कुंए में फेंक दिया।
