अगले विधानसभा चुनाव में सर्वे कराकर ही होगा सपा प्रत्याशियों का चयन: अखिलेश यादव का ऐलान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच रहकर काम करने की ताकीद करते हुए रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में दल के प्रत्याशियों का चयन सर्वेक्षण कराकर ही किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने पार्टी प्रदेश मुख्यालय में बुलन्दशहर और हापुड़ जनपदों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज को अपमानित किये जाने का आरोप लगाया और दावा किया कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को हटाकर सपा की सरकार बनाने को तैयार है।

सपा प्रमुख ने कहा, “समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच रहे। मतदाताओं के संपर्क में रहें। उन्होंने साफ कहा कि सर्वे कराये बगैर सपा के प्रत्याशी घोषित नहीं किये जाएंगे। जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव लड़ाया जाएगा।” यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में बेईमानी और ‘वोट चोरी’ की कोशिश कर सकती है, इसलिए भाजपा से सावधान रहना है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “वह वोट काटने की भी साजिश कर सकती है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के षडयंत्रों पर नजर रखें।” उन्होंने कहा कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को बहुत काम करना होगा, वोट बनवाना, वोट बचाना, वोट डलवाना और वोट गिनवाना और सभी कार्यों को लेकर सजग रहना होगा, तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।

संबंधित समाचार