यूपी में जनता चाहती है कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा.... देखें क्या है लोगों का फीडबैक

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अबतक करीब डेढ़ लाख फीडबैक में सबसे अधिक ग्रामीणों के सुझाव

लखनऊ, अमृत विचार : योगी सरकार द्वारा संचालित ''समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश @2047'' अभियान निरंतर जनभागीदारी और सुझावों के साथ आगे बढ़ रहा है। यूपी में ग्रामीण जनता की पहली मांग कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा है। रविवार तक मिले कुल डेढ़ लाख सुझाव में सबसे अधिक ग्रामीण क्षेत्र से एक लाख से अधिक रहे। 75 जिलों में कानपुर देहात, जौनपुर व प्रतापगढ़ से सुझाव सबसे अधिक दर्ज हुए हैं।

रविवार तक प्रदेश के सभी 75 जनपदों में नोडल अधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने भ्रमण कर छात्रों, शिक्षकों, व्यवसायियों, उद्यमियों, कृषकों, स्वयंसेवी संगठनों, श्रमिक संगठनों, मीडिया और आम जनमानस से संवाद किया। कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, जौनपुर, बलरामपुर, प्रतापगढ़ और फिरोजाबाद जैसे जनपदों से सबसे अधिक भागीदारी रही। इन जिलों से कुल 53,996 से अधिक फीडबैक प्राप्त हुए, जो दर्शाता है कि जनता इस अभियान को गंभीरता से ले रही है।

शिक्षा क्षेत्र पर सबसे अधिक राय

जनता के बीच शिक्षा अब भी सबसे बड़ा मुद्दा है। करीब 50 हजार सुझाव शिक्षा से जुड़े मिले। इसके अलावा नगरीय एवं ग्रामीण विकास से जुड़े करीब 25 हजार, स्वास्थ्य पर 15 हजार से अधिक, समाज कल्याण पर करीब 15 हजार और कृषि क्षेत्र से संबंधित 20 हजार से अधिक सुझाव दर्ज किए गए।

शहरियों ने निजी शिक्षा की बढ़ती लागत पर जताई चिंता

अरुण कुमार द्विवेदी, दीपाली और वैशाली रैना सहित कई प्रबुद्धजनों ने सुझाव दिया कि शिक्षा को कौशल विकास के साथ जोड़ना समय की आवश्यकता है। छात्रों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्कूल पाठ्यक्रम में व्यावसायिक विषयों को शामिल करने और ई-लर्निंग पोर्टल के माध्यम से मुफ्त कौशल विकास कोर्स उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में निजी शिक्षा की बढ़ती लागत से निपटने के लिए सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता और संसाधनों को बेहतर बनाने की आवश्यकता भी बताई गई।

मुख्यमंत्री ने की बढ़ चढ़कर सुझाव देने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने संदेश में आमजन से ''विकसित भारत'' के स्वप्न को साकार करने हेतु ''विकसित उत्तर प्रदेश'' के लिए अपने सुझाव QR code अथवा https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पोर्टल के माध्यम से बढ़-चढ़कर देने की अपील की है। योगी ने कहा कि ''विकसित उत्तर प्रदेश @ 2047'' के लक्ष्य की प्राप्ति को आपके अमूल्य सुझाव हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। आप सभी के सुझाव ''समर्थ उत्तर प्रदेश'' की संकल्पना की पूर्णता में ''मील का पत्थर'' सिद्ध होंगे।

यह भी पढ़ेंः भगोड़े कैदियों को वापस नेपाल भेजेगी यूपी सरकार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइन

संबंधित समाचार