महराजगंज में सांसद खेल का आयोजन, युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी सरकार
महराजगंज। केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि इस वर्ष सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन 14 अक्तूबर से 25 दिसंबर के बीच किया जाएगा। प्रतियोगिता ग्रामीण स्तर से शुरू होकर ब्लॉक, विधानसभा और अंतत लोकसभा स्तर तक पहुंचेगी। फाइनल मुकाबले 25 दिसंबर को शाहूजी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम, धनेवा-धनेई में संपन्न होंगे। उन्होंने बताया कि स्पर्धा में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट सहित पारंपरिक व मोहल्ला खेल जैसे खो-खो, नींबू दौड़, बोरी दौड़ और रस्साकसी को भी शामिल किया गया है।
खास बात यह है कि इस बार चार वर्गों में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और स्कूली बच्चों को भी प्रतिभाग का अवसर मिलेगा। योग को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। पंकज चौधरी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन सांसदखेलमहोत्सव.इन पर शुरू हो चुका है। खिलाड़ी क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीकरण कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन फॉर्म 26 सितंबर से क्षेत्र पंचायत एवं नगरपालिका कार्यालयों में उपलब्ध होंगे, जिन्हें आठ अक्तूबर तक जमा करना होगा।
प्रथम चरण 14 से 17 अक्तूबर तक सदर, परतावल, फरेंदा, नौतनवा और सिसवा ब्लॉकों में होगा। द्वितीय चरण 21 से 24 अक्तूबर तक पनियरा, धानी, मिठौरा, निचलौल और लक्ष्मीपुर ब्लॉक में, तृतीय चरण 8 से 11 नवंबर तक घुघली और बृजमनगंज ब्लॉक में होगा। इसके बाद विधानसभा स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और विजेता खिलाड़ी लोकसभा खेलों में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा कि विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। मंत्री ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि यह आयोजन फिट इंडिया आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही खेलों में प्रतिभा को तलाशने का एक बड़ा अवसर है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया मौजूद रहे।
ये भी पढ़े : सहारनपुर में अवैध खनन को लेकर पुलिसकर्मियों पर एक्शन, जांच के बाद चौकी प्रभारी और सिपाही निलंबित
