आवारा पशुओं का आतंक : कुत्तों ने भाई बहन सहित चार बच्चों को किया लहूलुहान
संभल, अमृत विचार। संभल में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। आवारा कुत्तों ने सोमवार को परिषदीय स्कूल से पढ़कर घर लौट रहे भाई-बहन सहित चार बच्चों पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायल बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद लोग दहशत में हैं।
आढौल गांव निवासी राधेश्याम की चार साल की बेटी कुसुम व पांच साल का बेटा आरव गांव के परिषदीय स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने कुसुम व आरव को लहूलुहान कर दिया। बच्चों का शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तोंसे बच्चों को छुड़ाया। इस घटना के कुछ देर बाद ही कुत्तों ने एक और बच्चे पर हमला कर दिया।
कल्लू का पांच साल का बेटा अरसान स्कूल से आने के बाद घर के पास खेल रहा था तभी कुत्ताें ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे ने मदद के लिए शोर मचाया तो ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया लेकिन। इस घटना के कुछ देर बाद ही पास के गांव नसीरपुर में छह साल की बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर दिया। मसरूक की छह वर्षीय पुत्री आशिया खेल रही थी तभी अचानक कुत्ताें ने आशिया को कुत्तों ने दबोच लिया। ग्रामीणों ने लाठी डंडे लेकर कुत्तों को भगाया। आवारा कुत्तों के हमले में घायल चारों बच्चों को परिजन इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
आवारा कुत्तों के आतंक से सहमे हैं माता-पिता
आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा एक दिन में चार बच्चों को हमला कर घायल कर देने की घटना के बाद जहां बच्चे डरे सहमे हैं वहीं इन बच्चों के परिजन भी बेहद चिंतित हैं। परिजनों ने बताया कि इन बच्चों में कोई एलकेजी में पढ़ता है तो कोई यूकेजी में। गांव में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर है कि उन्हें अब बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। कहा कि जब एक दिन में कुत्ते चार बच्चों को इस तरह हमला कर घायल करेंगे तो वह कैसे अपने मासूम बच्चों को स्कूल भेजें। परिजनों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। कहा है कि कुत्ते पकड़े जायेंगे तभी वह बेखौफ होकर बच्चों को स्कूल भेज पायेंगे।
संभल में हर तरफ आवारा कुत्तों की दहशत
आवारा कुत्तों ने आढ़ौल व नसीरपुर गांव में बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल किया तो ऐसा नहीं है कि केवल इन्हीं गांव में आवारा कुत्तों की दहशत है। हालात यह हैं कि संभल शहर और आसपास इलाके में हर तरफ आवारा कुत्तों के झुंड नजर आते हैं। यह कुत्ते अक्सर लोगों पर हमला करते हैं। चिमयावली गांव के निकट जहां मीट प्लांट लगे हैं वहां तो इतने बुरे हालात हैं कि ग्रामीण झुंड बनाकर हाथों में डंडे लेकर खेत पर जाते हैं।
