गोंडा: स्वास्थ्य केंद्र निर्माण घोटाले में पूर्व सपा विधायक समेत 5 के खिलाफ एफआईआर दर्ज
हलधरमऊ व कटरा बाजार सीएचसी निर्माण में हुई थी धांधली
गोंडा, अमृत विचार। यूपी के गोंडा जिले के हलधरमऊ व कटरा बाजार में बनाए गए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में हुए घोटाले के मामले में 8 साल बाद बहराइच जिले के पयागपुर से पूर्व सपा विधायक मुकेश श्रीवास्तव, बहराइच जिले के तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी रहे डा. सन्तोष कुमार श्रीवास्तव व जिले की तत्कालीन सीएमओ रही डा. आभा आशुतोष समेत 5 लोग सतर्कता अधिष्ठान की जांच में दोषी पाए गए हैं। पूर्व विधायक समेत सभी पांच आरोपियों के खिलाफ गबन व साजिश रचने की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।
मामले की विवेचना सतर्कता अधिष्ठान की तरफ से की जा रही है। इस घोटाले की लिखित शिकायत रामपाल सिंह उप्र सतर्कता अधिष्ठान अयोध्या सेक्टर अयोध्या ने की थी। वित्तीय वर्ष 2017-18 में तत्कालीन सरकार ने जिले के हलधरमऊ व कटरा बाजार में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्रशासनिक भवन निर्माण को स्वीकृति दी थी और इसके निर्माण के लिए 92.42 लाख रुपये का बजट आवंटित किया था।
बजट आवंटित होने पर तत्कालीन मुख्य चिकित्साधिकारी ने बिना टेण्डर कराये जनपद बलरामपुर के वित्तीय वर्ष 2015-16 के निविदा पर नियम विरूद्ध तरीके से इसका ठेका सपा के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव की फर्म मेसर्स आर.पी ग्रुप आफ कन्सट्रक्शन बहराइच को दे दिया गया। गलत तरीके से हुए अनुबंध के आधार पर कार्य तो कराया गया लेकिन निर्माण में कई खामियां रह गयीं।
नामित फर्म की तरफ से निर्माण कार्य 5 अगस्त 2017 से 15 जनवरी 2018 के बीच पूरा किया गया। जब कार्यदायी फर्म मेसर्स आरपी ग्रुप आफ कन्सट्रक्शन के खाते की जांच की गयी तो पता चला कि 17 नवंबर 2017 को अनियमित तरीके से 165085 व 86528 रुपये, 16 मार्च 2018 को 135000 तथा 30000 रुपये समेत कुल 4.16 लाख रुपये भेजे गए जिसे हड़प कर लिया गया।
जांच में तत्कालीन अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण देवीपाटन मण्डल सतीश कुमार, तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा संतोष कुमार श्रीवास्तव व डा. आभा अशुतोष, तत्कालीन अवर अभियंता बहराइच रामकुशल वर्मा,मेसर्स आरपीग्रुप आफ कन्सट्रक्शन के प्रोपराइटर राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव उर्फ ज्ञानेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव को दुरभि सन्धि कर सरकारी धन का गबन करने का दोषी पाया गया।
जांच में दोषी पाए जाने पर पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव व उनके पिता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव निवासी पयागपुर जनपद बहराइच, तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा संतोष कुमार श्रीवास्तव निवासी विकल्पखण्ड निकट चिनहट तिराहा थाना चिनहट जनपद लखनऊ, डा. आभा आशुतोष पत्नी डा. आशुतोष गुप्ता तत्कालीन मुख्य चिकित्साधिकारी जनपद गोण्डा निवासी-सी-117 महानगर थाना महानगर जनपद लखनऊ व रामचन्द्र सोनी तात्कालीन प्रधान सहायक कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी जनपद गोण्डा निवासी ठठराही बाजार थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा के खिलाफ गबन व साजिश रचने की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।
गोंडा में जेई तैनात होने के बावजूद बहराइच के जेई से कराई एमबी
सतर्कता जांच में पाया गया कि तत्कालीन मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सन्तोष कुमार श्रीवास्तव द्वारा नियम विरूद्ध तरीके से जनपद बहराइच में नियुक्त अवर अभियन्ता राम कुशल वर्मा की देख रेख में कार्य पूर्ण कराया गया। जबकि जनपद गोण्डा में अवर अभियन्ता उपलब्ध थे। कार्य की एमबी भी राम कुशल वर्मा से करायी गयी।
दो आरोपियों की हो चुकी है मौत
स्वास्थ्य केंद्र निर्माण घोटाले में दोषी पाए गए तत्कालीन अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण देवीपाटन मण्डल सतीश कुमार व अवर अभियंता बहराइच राम कुशल वर्मा का निधन हो चुका है। दर्ज कराए गए मुकदमें की विवेचना सतर्कता अधिष्ठान की तरफ से की जा रही है।
