Bareilly : सड़क हादसे के बाद आफत में पड़ी ट्रक चालक की जान, फायर ब्रिगेड का MDRV बना वरदान
बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज में बुधवार सुबह सड़क हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर की जान आफत में पड़ गई। ट्रक बेकाबू होकर जेसीबी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से स्टीयरिंग और सीट के बीच में चालक बुरी तरह फंस गया। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। हाल में प्राप्त हुए अत्याधुनिक एमडीआरवी ( मल्टी डिजास्टर रिसपॉन्स व्हीकल) के जरिए राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। जब जाकर चालक की जान बच सकी।
पूरा मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-बरेली रोड का है। हाफिजगंज निवासी 50 वर्षीय ट्रक चालक इसरार अहमद दिल्ली की तरफ से ट्रक लेकर बरेली की ओर आ रहे थे। इतने में ट्रक सें संतुलन खो बैठे और ट्रक आगे खड़ी जेसीबी से टकरा गया। चालक इसरार ट्रक के स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ देर बाद टीम मौके पर पहुंची और एमडीआरवी के विशेष बचाव उपकरणों का इस्तेमाल कर राहत कार्य शुरू किया। हाइड्रोलिक कटर और बैटरी चालित रेस्क्यू रैम से स्टीयरिंग और सीट के बीच अतिरिक्त जगह बनाई गई। करीब आधे घंटे के जटिल और सावधानीपूर्वक अभियान के बाद चालक इसरार को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
क्या है फायर ब्रिगेड का MDRV
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि हाल ही में प्रयागराज कुंभ-2025 से बरेली को यह विशेष MDRV प्राप्त हुआ है, जो 67 अत्याधुनिक बचाव उपकरणों से लैस है। इनमें हाइड्रोलिक कटर, मल्टी-गैस टेस्टिंग डिवाइस, बैटरी से चलने वाला रेस्क्यू रैम, आधुनिक हाई-लिफ्ट जैक, प्राथमिक उपचार किट, उच्च क्षमता वाली रोशनी व्यवस्था और कई अन्य जरूरी उपकरण शामिल हैं। ये उपकरण सड़क दुर्घटनाओं, आगजनी, भवन ढहने, प्राकृतिक आपदाओं और पशु बचाव जैसी किसी भी आपात स्थिति में निपटने में कारगर है।
