Barabanki Visit: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अचानक पहुंचे जिला अस्पताल, व्यवस्थाओं की पोल खोल खुद उठाई गंदगी, CMO-CMS को दी चेतावनी
बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को एक बार फिर बाराबंकी जिला अस्पताल का औचक दौरा कर अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं की हालत की बारीकी से जांच की। यह उनकी पांचवीं बार की गई जिला अस्पताल की जांच थी, जो एक बार फिर लचर व्यवस्था और सफाई की पोल खोल गई। उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल के हर वार्ड में जाकर भर्ती मरीजों से सीधी बातचीत की और चिकित्सा सेवाओं की हकीकत को समझा।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था देखकर वे सख्त नाराज हुए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्रजेश पाठक ने ट्रामा सेंटर के गेट के पास खुद अपने हाथों से कूड़ा उठाकर सफाई का संदेश दिया, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में जलभराव, अव्यवस्थित सामान, और नलों से मिलने वाले पीने के पानी की गुणवत्ता का भी मुआयना किया। उन्होंने स्वयं नल से पानी पीकर स्वच्छता की जांच की। उपमुख्यमंत्री ने मरीजों से जब बाहर की दुकानों से दवाइयाँ लिखवाने की शिकायतें सुनीं तो वे बेहद नाराज हुए और ऐसे डॉक्टरों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने सीएमओ और सीएमएस को सख्त लहजे में व्यवस्था सुधारने के आदेश दिए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि जनता को बेहतर इलाज, साफ-सुथरा माहौल और ईमानदार सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
