Bareilly : एनकाउंटर को बताया सनातन की हार, सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा के नाम से नया पोस्ट
बरेली, अमृत विचार। रोहित गोदारा गैंग के दो शूटर्स को गाजियाबाद में पुलिस ने ढेर कर दिया। इन पर अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग का आरोप था। अब इस मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बनी फेसबुक आईडी से सोशल मीडिया पर धमकी भरा पोस्ट लिखकर अपने गुर्गों की मौत को शहादत बताया। इतना ही नहीं एनकाउंटर को सनातन धर्म की हार तक बता दिया।
रोहित गोदारा नाम की फेसबुक आईडी से सोशल मीडिया पर लिखा गया कि "राम राम सभी भाईयों को मैं रोहित गोदारा, भाईयों आज जो ये एनकाउंटर हुआ है, ये हमारे लिए जीवन की बहुत बड़ी क्षति है। मैं आपको बता दूं ये जो न्यूज चैनल वाले जो न्यूज चला रहे हैं कि ढेर हुए हैं ! ये ढेर नहीं शहीद हुए हैं। इन भाइयों ने धर्म के लिए अपना बलिदान दिया है। अरे कुछ तो शर्म करो। एक मुंह से तुम सनातन सनातन चिल्लाते हो और सनातन के लिए लड़ाई लड़े उसको मार दिया जाता है, ये इंसाफ नहीं। ये जितने भी सनातन धर्म का नाम लेकर घूम रहे हैं ये सिर्फ अपनी रोटी सेक रहे हैं। ये एनकाउंटर नहीं सनातन की हार है।"
वक्त लग सकता है, मगर माफी नहीं
आगे लिख कि "धर्म के लिए लड़ने वालों को इस हिंदुस्तान में मार दिया जाता है। अगर तुम इतने सच्चे हो तो उठाओ मुद्दा हमारे शहीद भाईयों को दिलाओ इंसाफ। बाकी मैं पूरे देश को बता देना चाहता हूं ये सनातन धर्म की आड़ में धंधा चला हुआ है। सभी देशवासी इनसे सावधान रहें। हम अगर धर्म के लिए लड़ सकते हैं तो महारे शहीद भाईयों के लिए वो काम कर सकते हैं जिसकी ये कल्पना भी नहीं कर सकते। इसमें जिसका भी हाथ है, वो चाहे कितना भई पैसे वाला हो या पॉवर वाला हो, वक्त लग सकता है मगर माफी नहीं है।"
गाजियाबाद में दोनों बदमाश ढेर
अभिनेत्री दिशा पटानी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बुधवार की शाम बड़ी कार्रवाई की थी। गाजियाबाद के थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान इस घटना के मुख्य आरोपी रविन्द्र और अरुण को मार गिराया गया यह संयुक्त ऑपरेशन यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने मिलकर किया था। दोनों शूटर कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य थे।
इसलिए की थी दिशा पाटनी के घर फायरिंग
अभिनेत्री दिशा पाटनी का घर बरेली में है। जहां 11 सितंबर को उनके घर पर बदमाशों ने करीब 9 राउंड फायर करके दहशत मचा दी थी। ये फायरिंग कथावाचक अनिरुद्धाचार्या को लेकर अभिनेत्री की बहन और पूर्व मेजर खुशबू पाटनी की टिप्पणी के विरोध में बताई गई थी। सोशल मीडिया के जरिये गोल्डी बरार गैंग समेत अन्य गैंग ने इसकी जिम्मेदारी भी ली थी।
