लोधेश्वर महादेवा धाम: कॉरिडोर निर्माण के दौरान मिले चांदी के सिक्के, इलाके में मचा हड़कंप
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी लोधेश्वर महादेवा में चल रहे कॉरिडोर निर्माण कार्य के दौरान मकानों के ध्वस्तीकरण में बड़ी संख्या में चांदी के सिक्के बरामद होने से सनसनी फैल गई। बंटवारा करते समय मजदूर आपस में भिड़ गए वहीं पुलिस ने सिक्के कब्जे में लेकर पुरातत्व विभाग को भेज दिए हैं।
गुरुवार को कस्बा में जय नारायण गुप्ता के मकान को गिराने के दौरान यह सिक्के मिले। मौके पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि खुदाई के दौरान जैसे ही सिक्के निकले, उन पर कब्जे को लेकर मजदूर आपस में भिड़ गए। इस बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते भारी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज महादेवा अभिनन्दन पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से 75 चांदी के सिक्के बरामद किए। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार ने पहले ही करीब 20 सिक्के अपने पास रख लिए हैं।
मामले की जानकारी पाकर नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी और प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय भी चौकी पर पहुंचे। अधिकारियों ने बरामद सिक्कों को कब्जे में लेकर आवश्यक लिखा पढ़ी की और जांच हेतु पुरातत्व विभाग को भेजने की बात कही।
यह भी पढ़ें:-ट्रम्प के इस फैसले पर अखिलेश यादव ने जताई नाराजगी, कहा- कहां गई विदेश नीति जिसका पीटा जा रहा था डंका
