बदायूं : युवक की मौत, महिला मित्र पर विषाख्त पदार्थ देने का आरोप
शव का कराया गया पोस्टमार्टम, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
बदायूं, अमृत विचार: उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की मौत हो गई। युवक के परिजनों ने युवक की महिला मित्र और उसके परिजनों पर विषाख्त पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया है।
गांव सोनिया खेड़ा निवासी दीपक (25) पुत्र भीकम सिंह कस्बा बिसौली में मोबाइल फोन की दुकान पर काम करते थे। परिजनों के अनुसार लगभग डेढ़ साल पहले युवक की बात सोशल साइट्स के माध्यम से एक महिला मित्र से हुई थी। जो दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहती थी। महिला का उसके पति से विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को महिला ने दीपक को फोन करके अपने घर पर बुलाया था। दोपहर के समय दीपक ने अपनी बहन को फोन करके बताया था कि महिला और पिता ने उसे विषाख्त पदार्थ खिला दिया है। जिसके बाद दीपक का मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ देर के बाद महिला मित्र ने दीपक के परिजनों को फोन करके बताया था कि उनकी तबीयत खराब है। दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती किया गया है। परिजन मौके पर पहुंचे और दीपक को इलाज के लिए मुरादाबाद के अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव गांव ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
