मुरादाबाद: मालकिन ने थप्पड़ मारकर नौकरी से निकाला तो नौकरानी ने कर दी चोरी की वारदात

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

नौकरी से निकाले जाने और अपमान का बदला लेने के लिए की चोरी, पुलिस ने 16 घंटे में किया खुलासा

मुरादाबाद, अमृत विचार: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में एक्सपोर्टर की कोठी से 70 लाख रुपये के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद चोरी करने वाली नौकरानी को पुलिस ने 16 घंटे के अंबर गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी का कारण मालकिन का थप्पड़ और नौकरी से निकाला जाना बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी नौकरानी से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात व नकदी बरामद करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।

शुक्रवार को पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि नागफनी थाना क्षेत्र के विष्णुपरी निवासी आरोपी महिला ममता पिछले तीन माह से रविश खन्ना की कोठी में सफाई का काम करती थी। लगभग 15 दिन पहले ममता की तबीयत खराब होने पर उसने अपनी बेटी को काम पर भेजा। काम के दौरान ममता की बेटी ने मालकिन के परफ्यूम व लिपस्टिक इस्तेमाल कर ली। इस पर मालकिन ने नौकरानी की बेटी की जमकर फटकार लगाई। इस बात को लेकर नौकरानी ममता ने जब मालकिन से माफी मांगी तो उन्होंने उसे भी खरी-खोटी सुनाते हुए थप्पड़ जड़ दिया और नौकरी से निकाल दिया। अपमान और गुस्से से तिलमिलाई ममता ने बदला लेने की ठान ली और मौका पाकर घर से जेवर व नकदी पार कर दी।

पुलिस ने ममता के घर से हीरे-रत्नजड़ित हार, अंगूठियां, चैन, टोपस, लोकेट, नोजपिन समेत कई बहुमूल्य आभूषण, धार्मिक मूर्तियां और 40 हजार रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी की कुल कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 घंटे में ही चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी ममता को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

संबंधित समाचार