Oscars 2026: ऑस्कर 2026 में हुई फिल्म 'होमबाउंड' की एंट्री, करण जौहर बोले- कभी नहीं भूलूंगा ये पल
कोलकाता। हिंदी फिल्म ‘होमबाउंड’ को 2026 अकादमी पुरस्कारों के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। चयन समिति के अध्यक्ष एन. चंद्रा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चंद्रा ने कहा कि विभिन्न भाषाओं की कुल 24 फिल्में ऑस्कर में देश का प्रतिनिधित्व करने की दौड़ में थीं। उन्होंने कहा, “यह बहुत मुश्किल चुनाव था। ये ऐसी फिल्में थीं जिन्होंने लोगों के जीवन को छुआ।” उन्होंने कहा, “हम जज नहीं, बल्कि कोच थे। हम ऐसे खिलाड़ियों की तलाश कर रहे थे जिन्होंने अपनी छाप छोड़ी हो।”
इस 12 सदस्यीय चयन समिति में निर्माता, निर्देशक, लेखक, संपादक और पत्रकार शामिल थे। नीरज घायवान द्वारा निर्देशित और करण जौहर और अदार पूनावाला द्वारा निर्मित 'होमबाउंड' में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह उत्तर भारत के एक छोटे से गांव के दो बचपन के दोस्तों की कहानी है, जो पुलिस की नौकरी पाने के लिए प्रयासरत हैं, जो उन्हें वह सम्मान दिलाने का वादा करती है, जिससे वे लंबे समय से वंचित हैं।
करण जौहर बोले- 'कभी नहीं भूलूंगा ये पल'
ऑस्कर में फिल्म के चयनित होने पर निर्माता करण जौहर ने खुशी जताई है। करण जौहर ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए कहा, 'हम बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं। बहुत खुश हैं कि 'होमबाउंड' को अकादमी पुरस्कारों में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। नीरज घेवान की मेहनत निश्चित रूप से दुनियाभर में लाखों दिलों में जगह बनाएगी'। करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, 'यह 'पिंच मी' मूमेंट है, जिसे कभी नहीं भूल पाऊंगा। बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि हमारी फिल्म 'होमबाउंड' को अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है'।
