Moradabad : दुबई से जुड़े साइबर ठगों को खाते बेचने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। दुबई में बैठे साइबर ठगों को खाते बेचने वाले दो और आरोपी अमन व अदनान को साइबर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह दोनों आरोपी उत्तराखंड के जसपुर निवासी हैं। साइबर ठगों ने मुरादाबाद के कारोबारी को ट्रेडिंग कराने का झांसा देकर 1.64 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली थी और रकम 13 खातों में ट्रांसफर की गई थी।
शुक्रवार को एसपी क्राइम सुभाष गंगवार ने बताया कि गलशहीद थाना क्षेत्र में रहने वाले कारोबारी ने केस दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने बताया कि जियाना अरोड़ा नाम की एक महिला ने उनसे व्हाट्सएप पर संपर्क किया था। महिला ने खुद को दिल्ली निवासी बताकर कारोबारी से कहा कि वह पांच साल से ट्रेडिंग कर रही है। उन्हें अच्छा मुनाफा कराने का लालच देकर व्हाट्सएप पर लिंक भेज दिया और आईडी-पासवर्ड बनवा कर उनसे 1.64 करोड़ रुपये से ज्यादा ट्रांसफर करा लिए थे।
इन 13 खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी साइबर थाने की पुलिस ने सभी खातों की जांच पड़ताल की। 16 सितंबर को पुलिस ने भगतपुर के दौलपुरी निवासी नाजिम और उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के जसपुर कोतवाली के वार्ड 13 नई बस्ती निवासी खिलाफत को गिरफ्तार किया था। इन्होंने 20 प्रतिशत लेनदेन पर अपने खाते बेचे थे। शुक्रवार को साइबर थाने की पुलिस ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर निवासी व अदनान को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में बताया कि अदनान दुबई में आता जाता है। वहां उसकी मुलाकात साइबर ठगों से हुई थी। उन्होंने ही खाता उपलब्ध कराने के लिए कहा। इसके बाद अदनान से अमन से संपर्क किया और उसे रुपयों का लालच देकर जीएसटी रजिस्ट्रेशन, एमसीएमई रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसके बाद आधार में मोबाइल नंबर चेंज करवाया गया था। इसके बाद बैंक में खाता खुलवाया गया था। कारोबारी के खाते से भी अमन और अदनान के खाते में रकम ट्रांसफर हुई थी। दोनों ने कबूला है कि उन्हें भी साइबर ठगों ने 20 प्रतिशत रुपये देने का लालच दिया गया था। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
एक सप्ताह नेपाल के होटल में रुके थे आरोपी
जुलाई माह में अदनान, अमन, जावेद और आकिब को लेकर बरेली पहुंचा। यहां से चारों लखीमपुर खीरी पलिया होते हुए नेपाल पहुंच गए थे। इसके बाद आरोपियों ने अपने नंबर बंद कर लिए और वाईफाई के जरिए व्हाट्सएप कॉल पर ही बात कर रहे थे। एक सप्ताह तक नेपाल में होटल में रहे। इसी दौरान मुरादाबाद के कारोबारी के खाते से ट्रांसफर की गई रकम अमन, अदनान और अन्य के खाते में भेजी गई थी।
