Bareilly : दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले शूटरों ने रेकी कर जिला छोड़ा, फिर घूमा जयपुर में आमेर किला
बरेली, अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर वारदात को अंजाम देने वाले सभी पांच शूटरों ने फायरिंग करने से पहले रेकी की थी। सभी खुद को बचाने के लिए बेगुनाही के सबूत भी साथ में ही जुटा रहे थे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पहले चरण की रेकी के बाद वे जयपुर चले गए और वहां दिल्ली जाकर वारदात को अंजाम देने बरेली पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर को रविंद्र, अरुण, रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू और दोनों नाबालिग शूटर बरेली पहुंचे। रात में एक होटल में ठहरे और 7 सितंबर को यहां घूमकर रेकी करते रहे। यहां होटल में वे फर्जी दस्तावेजों से ठहरे और फिर जयपुर निकल गए। 8 और 9 सितंबर को पांचों शूटर टैक्सी लेकर राजस्थान पहुंचे और जयपुर में आमेर का किला घूमने गए।
वहां होटल में ठहरने के साथ ही घूमने के दौरान टिकट या अन्य कार्य के लिए सभी ने अपनी असली आईडी इस्तेमाल की ताकि वे पकड़ में आएं तो वहां की अपनी लोकेशन दिखाकर खुद को बेगुनाह साबित कर सकें। 9 सितंबर की रात सभी राजस्थान से बस लेकर दिल्ली पहुंचे और अलग-अलग स्थानों पर उतरकर चले गए। बाद में सभी फिर एकजुट हुए और 10 सितंबर को दोबारा बरेली आ गए। यहां पहले 11 सितंबर की सुबह दिशा पाटनी के घर फायरिंग की और फिर 12 सितंबर की तड़के फायरिंग कर दी।
