Bareilly : झांसे में आकर लड़की को दिया फोन नंबर, अब इमीग्रेशन अधिकारी बनकर की युवक से साइबर ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एक महिला ने खुद को इमीग्रेशन अधिकारी बताकर युवक से ठगी कर ली।युवक ने समय रहते साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसके रुपये होल्ड कर दिए गए। युवक ने रुपये वापस कराने के लिए थाना बारादरी में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

डोहरा रोड निवासी जगतवीर सिंह ने बताया कि उसकी फेसबुक पर मेवल रोजी नाम की महिला जुड़ी हुई थी। उसने व्यवसाय के सिलसिले से भारत आने की सूचना के साथ मदद के लिए उसका मोबाइल नंबर मांगा था। महिला की बातों में आकर उन्होंने मोबाइल नंबर दे दिया। 18 अप्रैल को एक महिला ने फोन कर खुद को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा का इमीग्रेशन अधिकारी बताया। उसने कहा कि उसकी परिचित महिला मेवल रोजी सीमा से अधिक विदेशी मुद्रा का ड्राफ्ट लाई हैं। 

इन्हें छुड़ाने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रकिया पूरी करने के लिए 45 हजार रुपये की जरूरत है। महिला ने मेवल रोजी से बात कराई तो वह रोकर मदद मांगने लगी। जिसके बाद उन्होंने अपनी बेटी शिखा के खाते से 45,500 रुपये महिला के बताए गए खाते में डाल दिए। उसके बाद मेवल रोजी और खुद को इमीग्रेशन अधिकारी बतानी वाली महिला ने क्लियरेंस सर्टिफिकेट देने के नाम पर एक लाख 10 हजार रुपये और डालने की बात कही गई। 

अधिक पूछताछ करने पर उसे अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने खाते में डाले गए रुपये होल्ड कर दिए। उन्होंने अपने रुपये वापसी के लिए कोर्ट अर्जी लगाई, जिस पर कोर्ट ने पहले रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। अब बारादरी पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार