UP : उत्तर प्रदेश सरकार एक हजार क्विंटल बीज पंजाब को भेजेगी-औलख
रामपुर, अमृत विचार। पंजाब आपदा के बाद किसानों को भविष्य में खेती की समस्या दूर करने के लिए यूपी सरकार एक हजार क्विंटल बीज पंजाब भेजेगी। रविवार शाम पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता करते हुए उप्र कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि पंजाब में बाढ़ के चलते किसान बर्बाद हो गए हैं, उनकी खेती के साथ जान और माल का भारी नुकसान हुआ है। इसके बाद लगातार उत्तर प्रदेश सहित सभी राज्यों से पंजाब राज्य की मदद की जा रही है। लेकिन खेती के लिए बीज भी नष्ट हो गया है, इसके लिए मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही से वार्ता करने के बाद पंजाब सरकार के मंत्रियों से बात की गई है।
इसमें तय हुआ है कि यूपी सरकार गेहूं, दलहन, सरसों सहित अन्य खेती के लिए 1 हजार क्विंटल बीज पंजाब के किसानों को मुहैया कराएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही वहां के लिए सहायता राशि की घोषणा कर दी है। उन्होंने बताया कि बीज समय से मिलने पर किसान भविष्य में फिर से खेती करने में सक्षम होंगे।
ये भी पढ़ें-UP : रामपुर पहुंचीं मालिनी अवस्थी बोलीं उस्ताद शुजाअत हुसैन खां से सीखीं गायकी की बारीकियां और उर्दू
