यात्रियों को सहेज नहीं पा रहा कमता का रोडवेज प्रबंधन, चौराहे से पहले बनाए यात्री पिकिंग प्वाइंट पर नहीं रुकती हैं बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः कमता क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित कमता बस स्टेशन यात्रियों को सहेज नहीं पा रही है। रोडवेज प्रबंधन द्वारा किए गए दावों के विपरीत, कमता चौराहे से पहले बनाए गए यात्री पिकिंग प्वाइंट पर बसें रुकना तक मुनासिब नहीं समझतीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कमता चौराहे के निकट बनाए गए यात्री पिकिंग प्वाइंट को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। रोडवेज की बसें बिना रुके सीधे निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहनों का सहारा लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होना पड़ता है। रोडवेज की योजना थी कि कमता बस स्टेशन से पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधाजनक कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे आलमबाग और कैसरबाग की भीड़ कम हो सके लेकिन वास्तविकता यह है कि इन प्रमुख बस अड्डों से पहले ही बसें भर जाती हैं और कमता पहुंचते-पहुंचते उनमें जगह नहीं बचती। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कमता बस अड्डा आरएस वर्मा ने कहा कियात्रियों की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है। यात्री कम किराये के लिए बाहरी वाहनों का उपयोग कर रहे है।

कमता बस स्टेशन महज नाम का संचालन केंद्र

कमता बस स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 73 बसों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की संख्या बेहद कम है। वजह साफ है न तो यहां पर बसों की समयसारणी का पालन हो रहा है, न ही यात्रियों को जानकारी मिलती है कि कौन सी बस कहां जाएगी। पिकिंग प्वाइंट को लेकर स्थानीय प्रशासन और परिवहन विभाग की उदासीनता के कारण स्टेशन महज औपचारिकता बनकर रह गया है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि यदि इसी प्रकार यात्री सुविधाओं की अनदेखी होती रही, तो कमता बस स्टेशन की उपयोगिता पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

यह भी पढ़ेंः अमौसी और विभूति खंड में बन रहे पांच सितारा बस स्टैंड...गोमतीनगर विभूति खंड में इस बस स्टेशन पर 243 करोड़ होगा व्यय 

संबंधित समाचार