अमौसी और विभूति खंड में बन रहे पांच सितारा बस स्टैंड...गोमतीनगर विभूति खंड में इस बस स्टेशन पर 243 करोड़ होगा व्यय
नीरज मिश्र, लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी के आलमबाग, कैसरबाग बस स्टेशन ही यात्री सुविधाओं के लिए जाने जाते थे। अब अमौसी और विभूति खंड में बस स्टेशन पांच सितारा लुक में नए बस स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन बस स्टैंडों पर यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
लखनऊ के अमौसी और विभूति खंड में बस स्टेशन पांच सितारा होटल जैसा बस अड्डे बनाए जा रहे हैं। नीचे प्लेटफार्म पर बसें खड़ी होंगी और पृष्ठ में होटल। यहां रुककर लोग न केवल अपने आफीसियल काम लैपटॉप पर निपटा सकेंगे बल्कि फूड कोर्ट में लजीज व्यंजन का स्वाद भी ले सकेंगे। निर्माण एजेंसी ने विभूति खंड गोमतीनगर बस स्टेशन पर काम शुरू कर दिया है।
एजेंसी का दावा है कि पांच सितारा लुक देने वाली ये बिल्डिंग अपने आप में प्रदेश में अलग होगी। पीपीपी मॉडल पर बनने वाले इस पर अत्याधुनिक बस स्टेशन पर करीब 243 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। रोडवेज के अधिकारियों का मानना है कि गोमतीनगर का बस स्टेशन यात्रियों को विश्वस्तरीय अत्याधुनिक सुविधाओं मुहैया कराने में अपनी विशेष पहचान बनाएगा। सरकार की मंशानुरूप इस बस स्टेशन को दिसंबर 2026 तक तैयार किया जाना है।
बस स्टेशन पर बनने वाले प्लेटफार्म जहां से यात्री पकड़ेंगे बस- 70
बसों की पार्किंग की संख्या- 80
इलेक्ट्र्रिक चार्जिंग प्वाइंट की संख्या- 16
ये होंगी यात्री सुविधाएं
वातानुकूलिक कैंटीन, फूड कोर्ट, क्लाक रूम, आधुनिक बुकिंग काउंटर, इंक्वायरी काउंटर, पार्सलघर, स्टॉल, इमरजेंसी मेडिकल एंड फार्मेसी, पोस्ट ऑफिस, पुलिस बूथ, बैंक, एटीएम के काउंटर, सिक्योरिटी कंट्रोल रूम, बेहतरीन उद्घोषक यंत्र और ऑनलाइन बुकिंग काउंटर आदि।
