Kanpur Municipal Corporation: कानपुर नगर निगम सदन की बैठक में बढ़े गृहकर, सीवर भराव और खुदी सड़कों पर हो सकता हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पार्षदों समस्याओं पर चर्चा की उठा सकते हैं मांग, हंगामा होने के प्रबल आसार

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम सदन में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मंगलवार को 28.35 अरब रुपये का बजट पेश होगा। सड़क, नाली और पार्कों के विकास के लिए 210 करोड़ रुपये आवंटित हैं। महापौर प्रमिला पांडेय की ओर से बुलाई गई बैठक में बजट पर चर्चा के साथ ही पार्षद खोदी गई सड़कों, चोक सीवर लाइनों और बढ़े गृहकर का मुद्दा उठा सकते हैं। पार्षदों ने इन मुद्दों पर नगर निगम अधिकारियों को घेरने की तैयारी की है।

वहीं, पार्षद अपने वार्डों की समस्याओं के लिए भी सदन से समय मांग सकते हैं। महापौर की ओर से दोपहर 1 बजे सदन बुलाया गया है। चालू वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों के लिए 28 अरब 35 करोड़ 52 लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। मूल बजट के सापेक्ष विकास कार्यों में खर्च बढ़ाया है। गंगा घाटों की सफाई, सड़क व मलिन बस्ती के विकास, घर-घर से कूड़ा उठाने के मद में धनराशि रखी गई है।

भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, कांग्रेस दल के नेता सुहेल अहमद, अवधेश त्रिपाठी, अर्पित रेनू यादव, नीरज बाजपेई, पवन पांडेय, आनंद शुक्ला, सुनील कुमार, अंजुलि आदर्श दीक्षित, पवन गुप्ता समेत कई पार्षदों ने कहा कि जबरन जनता पर बढ़ा गृहकर लाद दिया गया है। तमाम आपत्तियां है लेकिन कोई निस्तारण नहीं होता है।

कांग्रेस पार्षद दल के नेता कहा कि बढ़े गृहकर और ब्याज के चलते जनता परेशान है। साथ ही किसा का भी टैक्स सही नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। वहीं, मेट्रो और जलनिगम की ओर से अनियोजित खोदाई पर भी हंगामा हो सकता है। पार्षदों का कहना है कि जल निगम और मेट्रो द्वारा बेतरतीब ढंग से खोदी गयी सड़कें मुसीबत बन गयी है। त्योहार शुरू हो गए है लेकिन खोदी सड़कों को ठीक नहीं कराया गया है।

इन मदों में रखा गया बजट

बजट में चालू वित्तीय वर्ष में सड़क अनुरक्षण के लिए 120 करोड़ रुपये, मार्ग प्रकाश के लिए पांच करोड़ रुपये, नाली व नाली के निर्माण के लिए 22 करोड़ रुपये, यातायात संकेत लगाने के लिए साढ़े सात करोड़ रुपये, सड़क मरम्मत के लिए सात करोड़ रुपये, पार्कों व विकास के लिए 30 करोड़ रुपये उद्यानों के रखरखाव और हरियाली के लिए 10 करोड़ रुपये रखे गए है। इसके साथ ही बाकी अन्य मदों में धन रखा गया है।

नगर गेम : 

  • 28.35 अरब रुपये का बजट आज सदन में करेगा पेश 
  • 210 करोड़ रुपये सड़क, नाली और पार्कों के लिए आवंटित
  • 30 करोड़ रुपये उद्यान के रखरखाव के लिए रखे गए

 

संबंधित समाचार